बिक्रम : दनाड़ा गांव में पुत्र के साथ मिलकर पत्नी ने शराबी पति की हत्या कर दी. घटना के पीछे पति द्वारा पत्नी को शराब पीकर बार-बार प्रताड़ित किये जाने की बात कही जा रही है.
बुधवार की सुबह में बिक्रम थाना पुलिस को सूचना मिली कि दनाड़ा गांव में एक व्यक्ति की उसकी पत्नी एवं बेटे ने पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी है. प्रभारी पुलिस पदाधिकारी रामाकांत सिंह पुलिस बल के साथ जब उक्त गांव में पहुंचे तो वहां उन्होंने ने देखा कि घर के आगे अरथी सजायी जा रही है. उन्होंने शव को कब्जे में लेकर थाना लाया. वहीं घटनास्थल से पुलिस ने मृत व्यक्ति की पत्नी को गिरफ्तार किया, जबकि पुत्र भाग निकला.
मृतक के पिता चंद्रेव दास ने पुलिस के समक्ष अपना बयान दिया कि मेरे 40 वर्षीय पुत्र रवींद्र दास को उसकी पत्नी चंद्रावती देवी(38) व बेटे गुड्डु कुमार(22) ने लाठी-डडों से पीट-पीट कर हत्या कर दी है. पिता ने बताया कि वह उक्त गांव में ही अपनी बेटी के यहां गया हुआ था. वहां से लौट कर आया तो घर के आगे बेटे का शव पड़ा था. उसे बताया गया कि पिछली रात बेटे की पत्नी के साथ कुछ बात को लेकर झगड़ा हुआ था.
इसी बीच रवींद्र की पत्नी और उसके बेटे गुड्डू ने मारपीट की इस दौरान उसकी मौत हो गयी. पुलिस का मानना है कि पति-पत्नी के बीच विवाद का परिणाम रवींद्र की हत्या है. प्रभारी पुलिस पदाधिकारी रामाकांत सिंह ने बताया कि पुलिस मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. पुलिस बेटे की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
