पटना : राज्य लगातार हो रहे छोटे-बड़े अपराधों के बीच डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय रविवार को फेसबुक पर लाइव हुए और जनता को संबोधित किया. आम लोगों को भरोसा दिलाया, तो पुलिस महकमा में मौजूद चंद अफसरों को विभाग के लिए खतरा बताते हुए उन्हें नसीहत भी दी. इसके साथ ही बेहतर काम करने वाले कर्मियों की सराहना भी की.
उन्होंने कहा कि पुलिस महकमा में मौजूद सुस्त पुलिसकर्मियों पर नकेल कसने के लिए वे चुपचाप बिना बताये औचक निरीक्षण करने थाना या पुलिस कार्यालय पहुंचते हैं. इस दौरान लापरवाह कर्मियों पर कार्रवाई करते हैं.
उनके संगठन में कुछ ऐसे लोग भी हैं, जिन्हें इस तरह की सख्ती का तरीका खराब लगता है. जब ऐसे लोगों पर दबाव बनाया जाता है, तो ये लोग अनर्गल बातें करते हैं. इसमें अधिकारी से लेकर कर्मी तक सभी रैंक के पुलिसकर्मी शामिल हैं. डीजीपी ने सख्त लहजे में जो पुलिसकर्मी भूमि की दलाली, शराब माफिया से सांठगांठ, जुआ, गेसिंग समेत अन्य किसी तरह के माफियागिरी में शामिल पाये जायेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. उन्हें किसी हालत में छोड़ा नहीं जायेगा. उनकी टांग खिंचने वाले को वह छोड़ेंगे नहीं.
डीजीपी ने राज्य में विधि-व्यवस्था पर सख्त कार्रवाई करने की बात करते हुए कहा कि पुलिस को पुरुषार्थ साबित करना होगा. मुट्ठीभर जो अपराधी विधि-व्यवस्था के लिए चुनौती बने हुए हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की जरूरत है. उन्होंने पुलिस की उपलब्धि भी गिनाते हुए कहा कि पिछले चार महीने में छह एनकाउंटर हुए हैं. 100 अपराधी और 60 इनामी अपराधी गिरफ्तार हुए हैं.
अपराधियों का मनोबल तोड़ने के लिए हर तरह से कार्रवाई करे की जरूरत है. इस दौरान उन्होंने अपना सरकारी मोबाइल नंबर सार्वजनिक करते हुए, आम जनता से अपील की है कि वे इस पर किसी तरह की शिकायत दर्ज करवा सकते हैं. किसी भी घटना या समस्या की वह तुरंत जानकारी दे सकते हैं. मोबाइल नंबर है- 9431602302.
