पटना :6825 डॉक्टर व 9130 नर्सों की होगी बहाली

राज्य में बड़े पैमाने पर होंगी नियुक्तियां पटना : राज्य सरकार जल्द ही 6825 डाक्टरों की नियुक्ति करेगी. साथ ही 9130 नर्सों की भी नियुक्ति होगी. स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया कि विभाग में जल्द ही विशेषज्ञ चिकित्सकों,सामान्य चिकित्सकों और ए ग्रेड नर्सों की बहाली की प्रक्रिया आरंभ हो गयी है. […]

राज्य में बड़े पैमाने पर होंगी नियुक्तियां
पटना : राज्य सरकार जल्द ही 6825 डाक्टरों की नियुक्ति करेगी. साथ ही 9130 नर्सों की भी नियुक्ति होगी. स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया कि विभाग में जल्द ही विशेषज्ञ चिकित्सकों,सामान्य चिकित्सकों और ए ग्रेड नर्सों की बहाली की प्रक्रिया आरंभ हो गयी है.
उन्होंने बताया कि डाक्टरों की कमी को दूर करने के लिए 2325 विशेषज्ञ चिकित्सकों और 4500 बेसिक ग्रेड चिकित्सकों की बहाली की जानी है. इसी तरह से राज्य में ए-ग्रेड नर्सों की 9130 पदों पर बहाली होगी. प्रधान सचिव ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही बहाली की स्वीकृति सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा प्राप्त हो चुकी है.
उन्होंने बताया कि इन सभी पदों पर नियुक्ति राज्य तकनीकी चयन आयोग द्वारा की जानी है. सभी रिक्त पदों की अधियाचना सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से तकनीकी चयन आयोग को भेज दी गयी है. सभी नियुक्तियों को लेकर रोस्टर की प्रक्रिया का पालन किया गया है. उन्होंने उम्मीद जतायी की आयोग द्वारा जल्द ही नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की जायेगी. नये चिकित्सकों और नर्सों की नियुक्ति से सेवाओं में सुधार होगा.
दो दशकों के बाद सूचना पदाधिकारी के पद पर होगी बहाली : सूचना पदाधिकारी के पद पर बीपीएससी दो दशकों बाद बहाली करेगा. 65वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में इसके लिए 11 पद आये हैं. हालांकि सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से नहीं आने के कारण बीपीएससी इनके दोबारा आने का इंतजार कर रहा है.
ग्रामीण विकास पदाधिकारी के 110 पद अौर नगर कार्यपालक पदाधिकारी के 111 पद भी सीधे विभाग से आने के कारण बीपीएससी वापस करेगा और सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से इनके दोबारा आने का इंतजार करेगा. शुक्रवार को बिहार प्रशासनिक सेवा के 30 पदों के लिए भी उसे अधियाचना प्राप्त हो गयी है. इससे पूर्व डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड के छह, नियोजन पदाधिकारी के नौ, अवर निर्वाचन पदाधिकारी के 46 और सब रजिस्टार निबंधन के 5 पदों के लिए बीपीएससी को अधियाचना प्राप्त हो चुकी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >