पटना : सोमवार को विधानसभा उपचुनाव में नवनिर्वाचित हुए दो सदस्यों को भी विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने शपथ दिलायी. जबकि, विधान परिषद के दो सदस्यों को कार्यकारी सभापति हारुण रशीद ने सदस्यता की शपथ दिलायी.
नये सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार, भाजपा सांसद रामकृपाल यादव, विधान परिषद में सत्ता पक्ष के सचेतक संजय सिंह उर्फ गांधी जी सहित अन्य सदस्य मौजूद थे. सबसे पहले नवनिर्वाचित डिहरी के भाजपा विधायक सत्यनारायण यादव और नवादा के जदयू विधायक कौशल यादव को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपस्थिति में विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने सुबह 10.30 बजे अपने कार्यालय में शपथ दिलायी.
इसके बाद विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्य संजय झा और भाजपा के नवनिर्वाचित सदस्य राधामोहन शर्मा को विधान परिषद के कार्यकारी सभापति हारुण रशीद ने अपने कार्यालय में शपथ दिलायी. इन दोनों अवसरों पर मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे. मालूम हो की संजय कुमार झा ने रविवार को जल संसाधन मंत्री के रूप में पद व गोपनीयता की शपथ ली थी.
