पटना : इवीएम व वीवीपैट को कलेक्शन सेंटर से ले जाने व स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचाने की निगरानी जीपीएस ट्रैकिंग के माध्यम से की जायेगी. इसके लिए इवीएम व वीवीपैट ले जाने व लाने वाले वाहनों व साथ के अधिकारियों के मोबाइल नंबर को जीपीएस ट्रैकिंग से जोड़ा जा रहा है.
इवीएम-वीवीपैट को बूथ तक पहुंचाने और पोल्ड इवीएम को मतगणना केंद्र पर जमा कराने के लिए पीसीसीपी (पेट्रोलिंग कम कलेक्टिंग पार्टी) का गठन किया गया है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी कुमार रवि ने बताया पटना जिले में पीसीसीपी डिस्पैच के लिए विधानसभावार स्थान का निर्धारण किया गया है.
इवीएम, वीवीपैट सीलिंग के लिए प्रत्येक विधानसभा में 10-10 टेबुलवार कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कार्मिक कोषांग द्वारा की गयी हैं. इनमें नौ सहायक अभियंता, 21 कनीय अभियंता तथा 30 अन्य तृतीय श्रेणी के कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुरक्षित कर्मी के रूप में की गयी है.
साथ ही स्ट्रांग रूम के लिए तीन पदाधिकारियों तथा पांच कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुरक्षित कर्मी के रूप में की गयी है. तैयार इवीएम व वीवीपैट को पीसीसीपी को 18 मई को उपलब्ध कराया जायेगा. उन्होंने बताया कि सभी इवीएम के मूवमेंट व पीसीसीपी डिस्पैच स्थल पर रखे जाने की जानकारी सभी अभ्यर्थियों को लिखित रूप से दी जायेगी.
