पतौना, बउआं और बेलखारा गांव में घटना
पालीगंज : अनुमंडल क्षेत्र के पतौना गांव में सोमवार को गेहूं की फसल में आग लग गयी. अगलगी में दो एकड़ में लगी गेहूं की फसल जलकर राख हो गयी.
पालीगंज अनुमंडल के पतौना गांव के ग्रामीण सोमवार की दोपहर घरों में आराम कर रहे थे. वहीं, गांव से बाहर गेहूं की फसल में आग लग गयी. कुछ ग्रामीण बाहर निकले तो देखा की गेहूं की फसल में आग लगी है. यह देख ग्रामीणों ने खेत पर पहुंच कर आग को बुझाया, लेकिन तब तक पतौना गांव के किसान पंकज कुमार और पिंटू शर्मा की दो एकड़ में लगी गेहूं की फसल जलकर राख हो गयी. आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया है.
शॉर्ट सर्किट से गेहूं की फसल में लगी आग: अनुमंडल क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में सोमवार को आग लग गयी. इस अगलगी में खलिहान में रखे व गेहूं की फसल जलकर राख हो गयी. खीरीमोड़ थाना क्षेत्र के बउआं गांव निवासी जीतन मोची के खेत के ऊपर से बिजली का एलटी तार खींचा गया है.
तेज हवाओं से तार के आपस में टकराने से निकली चिनगारी गेहूं के खेत में गिर पड़ी, जिससे खेत में आग लग गयी. वहीं, सिंगोड़ी थाना क्षेत्र के बेलखारा गांव में शॉर्ट सर्किट से खलिहान में आग लग गयी, जिससे खलिहान में रखी फसलों को थोड़ा नुकसान हुआ है.
गेहूं के खेत में लगी आग, फसल बर्बाद: बिक्रम. प्रखंड के बलियारी मठ निवासी कृष्णा सिंह सरदार के गेहूं के खेत में आग लग जाने से हजारों की संपत्ति नष्ट हो गयी.
