पटना : पहले दिन नहाय व दूसरे दिन खरना के बाद गुरुवार को चैठी छठ का पहला सांध्य अर्घ दिया जायेगा. फिर शुक्रवार को उगते सूर्य को अर्घ देकर पूजा की समाप्ति की होगी. लोग गंगा घाटों, तालाबों व घर में भी पर्व का आयोजन करेंगे.
वहीं बुधवार को वर्तियों ने दूध में बनी खीर व रोटी बनाकर भगवान भास्कर को प्रसाद चढ़ाया और खरना का प्रसाद ग्रहण किया. इसके बाद शुक्रवार को पूजा समाप्त होने तक 36 घंटे होने वाले वर्त की शुरुआत हो गयी. पंडित श्रीपति त्रिपाठी ने बताया कि गुरुवार को सांध्य अर्घ 6:50 बजे व शुक्रवार को सुबह छह बजकर दस मिनट के लगभग अर्घ देेने का समय निर्धारित किया गया है. वहीं दूसरी तरफ जिला प्रशासन की ओर से चैती छठ के लिए गंगा घाटों का निर्माण, सफाई व बैरिकेडिंग का काम शुरू कर दिया है. कलेक्ट्रेट के दियारा घाट, गांधी घाट, कृष्णा सहित दर्जनों घाट पर सफाई की बैरिकेडिंग का काम किया गया.
गांधी घाट पर कंट्रोल रूम
लोगों की सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ की ओर से गांधी घाट पर कंट्रोल रूप बना गया है. 9 वीं बटालियन के कमांडेंट विजय सिन्हा ने बताया कि गंगा में 45 इंफ्लेटबल मोटर बोट, 250 बचाव कर्मियों को लगाया गया है. दीघा, गाय घाट पर भी टीम मौजूद रहेगी. घाट पर एंबुलेंस सेवा, प्रशासन का कंट्रोल रूप, चिकित्सा दल की तैनाती भी कर दी गयी है.
