जिन छात्रों का रिजल्ट देर से आया था, उनके लिए है अंतिम मौका
पटना : स्नातक पार्ट थर्ड के वैसे छात्र जिनका रिजल्ट देर से आया, लेकिन उन्होंने पीपीयू में नामांकन के लिए आवेदन कर रखा था उनका नामांकन 25 से 27 मार्च तक होगा. नामांकन का स्थल काॅलेज आॅफ काॅमर्स आर्ट्स एंड साइंस, पटना रखा गया है. नामांकन के समय उनका काउंसेलिंग भी किया जायेगा और साथ ही पंजीयन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली जायेगी.
पीजीसीइटी (पोस्ट ग्रेजुएट कंबाइंड इंट्रेस टेस्ट) 2018-19 सत्र के लिए पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय ने परीक्षा ली थी, जिसमें सैकड़ों ऐसे छात्र थे जो उस समय बीए पार्ट थर्ड की परीक्षा दिये थे, लेकिन उनका अंतिम रूप से परीक्षाफल प्रकाशित नहीं हो सका था.
हाल में वैसे छात्र-छात्राओं का परीक्षाफल प्रकाशित कर दिया गया है जिन्होंने एपियरिंग बैच में ही पीजीसीईटी की परीक्षा पास कर ली थी. कुलपति ने सरकार और राजभवन को संज्ञान में देते हुए इस बात को बताया कि चूंकि ये बच्चे उसी विश्वविद्यालय से उत्तीर्ण हुए हैं, जिस विश्वविद्यालय से इस नवसृजित विश्वविद्यालय का निर्माण हुआ है. ऐसे में उन छात्र-छात्राओं का एक अधिकार और हक भी बनता था कि पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय में उनका नामांकन हो. हालांकि नामांकन की तिथि बहुत पहले समाप्त हो गयी थी और पंजीयन का समय भी समाप्त हो गया था.
बावजूद इसके विश्वविद्यालय ने एपियरिंग छात्र-छात्राओं को लगभग दो महीने का समय दिया कि आपलोग अंतिम रूप से अपना परीक्षाफल लेकर आयें और नामांकन लें. लगभग डेढ़-दो महीने के बाद जब बच्चों का परीक्षाफल आया, तब छात्रहित में यह फैसला लिया गया कि इन बच्चों को भी एक बार आखिरी मौका मिलना चाहिए.
