दमकल की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया
पटना : दीघा थाने के कुर्जी पुल मठ के पीछे एक झोंपड़ी में शनिवार की शाम खाना बनाते समय सिलिंडर में लगी आग के कारण विस्फोट से इलाका थर्रा गया.
अभी लोग कुछ समझ पाते तब तक आसपास की करीब पंद्रह झोंपड़ियां इसकी चपेट में आ गयीं. उन झोंपड़ियों में रखे सिलिंडर भी इस आग की चपेट में आकर फट गये. छह सिलिंडरों की फटने की आवाज से इलाका दहल उठा. आग की चपेट आये घरों के लोग अपनी जान बचाकर भागे और आग बुझाने के लिए मशक्कत शुरू की.
झोंपड़पट्टी में अफरा-तफरी मच गयी और सभी अपने बाल-बच्चों को लेकर बाहर निकले. अगलगी की सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां वहां पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हादसे में सभी लोगों की सारी संपत्ति जल कर खाक हो गयी. हादसे में किसी को चोट नहीं लगी है और न ही कोई झुलसा है. पीड़ितों की मानें तो उनके घर में रखे फ्रीज, टीवी समेत लाखों रुपये के सामान जलकर खाक हो गये.
प्रशासन ने बांटी राहत सामग्री
पटना : कुर्जी में अगलगी की घटना के बाद प्रशासन की ओर से राहत सामग्री बांटने का काम किया गया. सीओ सदर प्रवीण कुमार पांडे ने बताया कि प्रशासन की ओर से 18 परिवारों को प्लास्टिक सीट दे दिया गया है. एक टेंट लगा कर और दरी दे दिया गया है. इसके अलावा सूखा राशन भी दे दिया गया है. वहीं प्रति परिवार 98 सौ रुपये का चेक परिवार दे दिया जायेगा, ताकि लोगों को परेशानी नहीं रहे.
सामान तक बचाने का नहीं मिला समय
सूत्रों के अनुसार तीन से चार सिलिंडर में आग लगी और विस्फोट कर गया. आग इतनी तेजी से पसरी कि लोगों को अपना सामान तक निकालने का मौका नहीं मिला और अपनी आंखों के सामने मेहनत की कमाई को जलते हुए देखते रहे.
घटना की जानकारी मिलने पर दीघा पुलिस व फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि लोगों के सारे सामान जल कर खाक हो चुके थे. एक पीड़ित भोला साहनी ने बताया कि किसी ने अपनी बेटी की शादी के लिए सामान जमा कर रखे थे तो किसी ने कमा कर कुछ रुपया रखा था, सब आग की चपेट में आने से जल कर खाक हो गये. दीघा थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि अगलगी में किसी को न तो चोट लगी है और न ही कोई झुलसा है. आग पर काबू पा लिया गया है.
इन लोगों के घर में लगी आग भोला साहनी, शंकर साहनी, सुबोध, राजू, राजकुमार, लाला, बिरेंद्र, अमलेश, कमलेश समेत 15 लोगों की झोंपड़ियां आग में जल कर राख हो गयीं.
