पटना : पाटलिपुत्र के औद्योगिक क्षेत्र में कोकाकाला कंपनी के बगल में मौजूद प्लास्टिक फैक्ट्री शिव मिल इंडस्ट्री में बुधवार की देर रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गयी. आग इतनी तेजी से फैली की कंपनी का पूरा गोदाम आग के लपेटे में आ गया.
देखते ही देखते गोदाम से आग की ऊंची लपटें निकलने लगीं. प्लास्टिक पाइप व अन्य प्लास्टिक सामान बनाने के लिए गोदाम में रखा कच्चा माल आग के चपेटे में आ गया, इससे आग और तेज हो गयी. वहीं आसपास के लोगों ने कंपनी के मालिक लल्लन कुमार को घटना की जानकारी दी. इस पर वह अपने कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे. वहीं पुलिस व फायर ब्रिगेड को फोन किया गया.
मौके पर छह दमकल भेजा गया. रात के 11 बजे से आग बुझाना शुरू किया गया. करीब डेढ़ घंटे तक चली कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया लेकिन सबकुछ जलकर नष्ट हो गया. कंपनी के मालिक ने बताया कि प्लास्टिक की पाइप बनाने वाला मशीन का सांचा जलकर राख हो गया है. इस आगलगी में करीब 70 लाख रुपये की क्षति हुई है. आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी
दो दमकल लोकेशन ही ढूंढते रह गये, नहीं पहुंच पाये मौके पर : आग लगी की घटना इंडस्ट्रियल एरिया में कोकाकोला फैक्ट्री के बगल में मौजूद प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी थी. लेकिन पीएनएम मॉल के बगल से इंडस्ट्रियल एरिया में जाने वाली रोड का गेट बंद था. सांई मंदिर से अंदर होकर भी जाने वाला रोड का गेट बंद था. इसलिए फायर ब्रिगेड के दो दमकल मौके पर ही नहीं पहुंच पाये. इधर-उधर भटकते रहे. लोकेशन पूछते रहे.
आग बुझने के बाद दोनों दमकल मौके पर पहुंचे. वहीं छह दमकल पहले से आग बुझाने में लगे थे. फिलहाल 12.30 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया था. आग लगने से पूरे इलाके में धुआं और आग की लपटे फैल गयी थी. पाटलिपुत्रा पुलिस भी मौके पर पहुंची हुई थी.
