नौबतपुर : पुलिस ने बादीपुर गांव के बंद घर से रविवार को एक केन बम बरामद किया है. बम निरोधक दस्ते ने शाम को बम को डिफ्यूज किया. पुलिस के अनुसार, बादीपुर निवासी नरेश वर्मा के जीर्णशीर्ण व बंद मकान में रखे बालू पर बच्चे खेल रहे थे. बच्चों ने बम को देख कर शोर किया. ग्रामीणों ने थाने में इसकी सूचना दी. पुलिस ने जांच में बम की सूचना को सत्य पाया. लिहाजा बम निरोधक दस्ता को सूचित किया गया. शाम को बम निरोधक दस्ता ने उक्त स्थल पर जा कर बम को डिफ्यूज किया. पुलिस ने बताया कि बम को ब्लास्ट करके डिफ्यूज कर दिया गया है.
मालूम हो कि करीब एक पखवारा पूर्व भी असामाजिक तत्वों द्वारा बादीपुर में रसोई गैस के सिलिंडर को हीटर पर रख कर विस्फोट करने की कोशिश की गयी थी. उस समय भी एक महिला ने देख कर शोर मचाया था. जिससे एक बड़ा हादसा टल गया था. आज फिर बच्चों ने एक साजिश को नाकाम कर दिया. हालांकि, इन दोनों घटनाओं के बाद से बादीपुर के लोग दहशत में हैं. वह किसी बड़ी घटना को लेकर सशंकित हैं.
