केवल दिख रहा एक बाइक पर तीन लोग
पटना : गांधी मैदान थाने के फ्रेजर रोड में सूर्या अपार्टमेंट के समीप शुक्रवार को बीच सड़क पर मिठाई व्यवसायी पुरुषोत्तम कुमार गुप्ता (40) की हत्या मामले में पुलिस ने फ्रेजर रोड के साथ ही आसपास के इलाके के सीसीटीवी कैमरे को खंगाला. इस दौरान किसी भी सीसीटीवी कैमरे के वीडियो फुटेज में अपराधियों की तस्वीर स्पष्ट नहीं थी. वीडियो फुटेज में केवल यह दिख रहा है कि एक बाइक पर तीन लोग सवार हैं. साथ ही बाइक का नंबर भी स्पष्ट नहीं है. ऐसे में पुलिस को केस को सुलझाने में परेशानी आ रही है. हालांकि, पुलिस यह भी मान कर चल रही है कि बाइक का नंबर फर्जी भी हो सकता है.
कमेटी से पैसे लेने की जानकारी के बाद सदस्य से की गयी पूछताछ : पुरुषोत्तम कुमार बाकरगंज व दलदली इलाके में बनी एक कमेटी के भी सदस्य थे.
उनके भाई टिंकू कुमार ने दर्ज प्राथमिकी में यह बताया था कि कमेटी से भाई ने पैसा लिया था. इसके बाद पुलिस ने कमेटी के एक सदस्य को बुला कर पूछताछ की. इसमें उस सदस्य ने पैसे मिलने से इन्कार करते हुए बताया कि उक्त कमेटी की बैठक 25 जनवरी को हुई थी और उसके बाद अगले माह यानी फरवरी में भी 25 तारीख को बैठक होनी तय थी. पुलिस अब इस बात की जांच करने में लगी है कि जब व्यवसायी के पास कमेटी के पैसे नहीं थे, तो उनके पास मोटी रकम कहां से आयी? इस संबंध में परिजनों से भी पूछताछ की गयी, लेकिन उन लोगों ने भी इस बात की जानकारी होने से इन्कार कर दिया कि वे कितने पैसे लेकर निकले थे.
पुलिसकर्मियों की लापरवाही तो नहीं : इस घटना को जोनल आइजी सुनील कुमार ने गंभीरता से लिया है और इस मामले में एसएसपी गरिमा मलिक को यह निर्देश दिया है कि वे अपने स्तर पर इस बिंदु पर जांच करें.
व्यवसायी हत्याकांड में एसआइटी का गठन : व्यवसायी पुरुषोत्तम हत्याकांड में एसआइटी का गठन एसएसपी ने कर दिया है. टीम का नेतृत्व सिटी एसपी मध्य प्रांतोष कुमार दास करेंगे . इसके साथ ही टीम में टाउन डीएसपी सुरेश प्रसाद व गांधी मैदान थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह को शामिल किया गया है.
ट्रिपल राइडर्स के खिलाफ पटना पुलिस का अभियान : पटना पुलिस ने ट्रिपल राइडर्स के खिलाफ सोमवार से अभियान शुरू कर दिया है. यह अभियान जोनल आइजी सुनील कुमार के निर्देश पर पटना पुलिस ने शुरू किया है.
