पटना : दो साल पहले 14 जनवरी 2017 को सबलपुर दियारा पतंग उत्सव के दौरान हुई नाव दुर्घटना के लिए पटना के डीएसपी ट्रैफिक मो. अली अंसारी को तीन वेतन वृद्धि रोकने का दंड दिया गया है.
प्रधान सचिव आपदा प्रबंधन और डीआजी केंद्रीय क्षेत्र की संयुक्त जांच में आया है कि नाव हादसे का कारण एम्यूजमेंट पार्क में जमा होने वाली भीड़ थी. डीएसपी अंसारी को वहां होना चाहिए था, लेकिन वह अपनी बेटी का जन्मदिन मनाने चले गये. 2017 में मकर संक्राति के दौरान शाम को हादसा हुआ था.
इसमें पतंग उत्सव में शामिल होकर सोनपुर थाने के सबलपुर दियारा से पटना के एनआइटी घाट (गांधी घाट) के लिए आ रही पर्यटकों से खचाखच भरी दो प्राइवेट नावें गंगा नदी में समा गयी थीं. दोनों नावें ओवरलोड थीं. लौटने के लिए शाम को पांच बजे ही पर्यटन निगम के नावों को बंद कर दिया गया था. शाम होने के साथ हड़बड़ा कर लोग लौटने लगे थे.
इसमें हादसे के पहले दिन 30 लोगों की मौत की आशंका जतायी गयी थी. अगले दिन 24 मौतें कन्फर्म हुईं. उसी देर रात तक गोताखारों की मदद से 21 शवों को नदी से बाहर निकाल लिया गया था. मरनेवालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे. मरने वालों में 11 पटना के थे.
