पटना सिटी : अगमकुआं थाना क्षेत्र के टीवी टावर के समीप में रहने वाले सत्ता दल के विधान पार्षद खालिद अनवर के बंद मकान का ताला तोड़ चोरों ने लगभग दो लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली है. दर्ज मामले में विधान पार्षद ने पुलिस को बताया कि चार फरवरी की शाम वे पार्टी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बेतिया गये थे. वहां से घर लौटे तो देखा कि मेन गेट का ताला टूटा हुआ है.
ऊपर के कमरे का सामान बिखरा है. मकान में एक एलइडी टीवी, लैपटॉप, व कुछ रुपये गायब थे. इसके बाद थाना को सूचना दी. पुलिस ने बताया कि चोरी का कांड दर्ज कर मामले में जांच पड़ताल की जा रही है. पुलिस ने बताया कि लगभग दो लाख रुपये की संपत्ति चोरी हुई है. इधर, अगमकुआं थाना के छोटी पहाड़ी मुहल्ला में रहने वाले िशक्षक अरुण कुमार के घर से भी चोरों ने पांच लाख रुपये से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया है.
पीड़ित परिवार ने बताया कि चोरों ने आभूषण व तीन लाख रुपये नगद की चोरी की है . पीड़ित परिवार ने पुलिस मे शिकायत दर्ज करायी है. पुलिस मामले में जांच- पड़ताल की बात कर रही है.
