15 किलोमीटर तक लगी रही वाहनों की कतार, पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत
बाढ़ : अनुमंडल के विभिन्न जगहों पर ट्रक के खराब हो जाने से हाइवे करीब सात घंटे तक जाम रहा. बाढ़ थाना क्षेत्र के अस्पताल चौक के पास स्टेयरिंग फेल होने के कारण दो ट्रक आपस में भिड़ गये. वहीं, गुलाबबाग के पास ट्रक खराब हो गया.
पुलिस के प्रयास से देर शाम तक वाहनों का परिचालन शुरू हुआ. जाम में करीब 5000 से अधिक वाहन अथमलगोला से लेकर पंडारक तक फंसे रहे. जाम के दौरान छोटे वाहनों द्वारा ओवरटेक कर दिये जाने के कारण स्थिति और खराब हो गयी.
इसमें राज्य सरकार के दो मंत्रियों के भी फंसे होने की खबर पर वरीय अधिकारियों ने कई थाने की पुलिस को लगाया. इसके बाद मंत्रियों को जाम से निकाल कर रवाना किया गया. लोगों का कहना है कि करीब तीन माह से लगातार लग रहे जाम के कारण आम लोगों को परेशानी हो रही है.
बख्तियारपुर में भी जाम से बढ़ी परेशानी : बख्तियारपुर फोर लेन पर भी महाजाम से लोगों की परेशानी बढ़ गयी. शुक्रवार की देर रात वाहनों की ओवरटेकिंग को लेकर जाम का सिलसिला शुरू हुआ. वहीं, शनिवार की सुबह महाजाम की स्थिति बन गयी. तकरीबन 15 किमी तक वाहन जाम में फंसे रहे. दोपहर बाद काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने वाहनों का परिचालन सुचारु कराया.
स्थानीय लोगों ने बताया कि एनएच 31 पर दो-तीन वाहनों का ब्रेक डाउन हो जाने से यातायात पूरी तरह ठप पड़ गया. जाम को लेकर पटना से बेगूसराय व भागलपुर इलाके की ओर सफर करने वाले लोग रातभर महाजाम में फंसे रहे.
