पटना : राज्य भर के बीडीओ हड़ताल के समर्थन में शुक्रवार को पटना सदर कार्यालय में बीडीअो रंजीत कुमार वर्मा नहीं आये. उन्होंने अपना सरकारी फोन नंबर भी कार्यालय में जमा कर दिया था. कार्यालय से बताया गया कि हड़ताल के कारण काम को लेकर आने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
इस दौरान जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से लेकर अन्य प्रमाण पत्रों के सत्यापन नहीं हो सके. लोगों को निराश ही लौटना पड़ा. इसके अलावा सरकारी योजनाओं की फाइलें भी पड़ी रहीं. गौरतलब है कि अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण पटना सदर के कामकाज प्रभावित होने की पूरी संभावना है. इसकी बानगी शुक्रवार को देखने को मिली.
फतुहा : बीडीओ फतुहा मृत्युंजय कुमार,दनियावां बीडीओ संजय कुमार सिन्हा और खुसरूपुर बीडीओ पंकज कुमार दीक्षित के हड़ताल पर चले जाने के कारण फतुहा, दनियावां और खुसरूपुर प्रखंड मुख्यालय में सन्नाटा पसरा रहा. हालांकि, प्रतिदिन की भांति कार्यालय खुले, लेकिन बीडीओ के अनुपस्थित रहने के कारण कामकाज ठप रहा.
फतुहा प्रखंड नाजिर अजय कुमार ने बताया कि एक भी विभागीय चिट्ठी पर बीडीओ साहब के हड़ताल पर चले जाने के कारण हस्ताक्षर नहीं हो पाया. मसौढ़ी . अपनी मांगों को लेकर शुक्रवार से सूबे के ग्रामीण विकास सेवा के ग्रामीण विकास पदाधिकारियों सह प्रखंड विकास पदाधिकारियों द्वारा पूर्व घोषित सामूहित अवकाश चर चले जाने के तहत शुक्रवार से मसौढ़ी के बीडीओ पंकज कुमार व पुनपुन की बीडीओ निवेदिता अवकाश पर चले गये.
फिलहाल मसौढ़ी के बीडीओ के प्रभार में प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी प्रियरंजन कुमार व पुनपुन के बीडीओ के प्रभार में पुनपुन के नाजिर पवन कुमार हैं. हालांकि, पुनपुन के नाजिर पवन कुमार ने बताया कि वे शनिवार को बीडीओ का सरकारी मोबाइल पुनपुन के जेएसएस को सौंप देंगे.
