पटना : पेंशनधारियों को डीबीटी के माध्यम से पेंशन का भुगतान किया जा रहा है, बावजूद इसके अभी भी लगभग ढाई हजार से अधिक का पेंशन खाता अपडेट नहीं होने के कारण पेंशन रुकी हुई है. इसके अलावा बीपीएल की सूची से नाम कट जाने के कारण नये आवेदनों को स्वीकार करने में समस्या आ रही है.
इसको लेकर जिला लोक शिकायत कोषांग में लगातार शिकायतें आ रही हैं. वहीं, कई जगहों पर बैंक खाता और आधार नंबर अपडेट नहीं होने के कारण भी समस्या हुई है. ऐसे में अब जिलाधिकारी कुमार रवि ने अविलंब बचे सभी पेंशनधारियों का खाता प्राप्त कर आधार पंजीकरण करने के लिए निर्देश दिया है.
साढ़े तीन लाख से अधिक पेंशनधारियों को किया अपडेट : सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत सभी पेंशनधारियों की पेंशन राशि का भुगतान डीबीटी के तहत उनके बैंक खाते में किया जा रहा है. अब तक कुल 362345 पेंशनधारियों को इ-लाभार्थी पोर्टल से जोड़ा जा चुका है. लेकिन 359831 पेंशनधारियों का ही खाता पोर्टल पर अपलोड है. शेष 2514 पेंशनधारियों का खाता संख्या प्राप्त नहीं रहने के कारण इनका भुगतान डीबीटी के माध्यम से नहीं हो रहा है.
एक समस्या यह भी है कि आवेदन स्वीकृत होने के बाद खातेमें पैसा नहीं आ रहा है. लाभुकों को बताया जाता है कि अभी ऑनलाइन बैंक खाता अपडेट नहीं किया जा सका है. शहरी क्षेत्र में सैकड़ों ऐसे मामले आ रहे हैं. वार्ड 32 में ही एक वर्ष से 25 लाभुकों को लक्ष्मीबाई पेंशन स्वीकृत है, लेकिन आज तक उनके खाते में पेंशन का पैसा नहीं आया. काउंटर पर जाने के बाद हर बार जानकारी दी जाती है कि अब उनका खाता अपडेट कर दिया जाये, तो पैसा आने लगेगा.
