दानापुर : सोमवार की रात सगुना मोड़ स्थित हाइटेक अस्पताल में हो रहे हंगामा की सूचना पर समाचार संकलन करने गये पत्रकारों पर अस्पताल के कर्मियों ने जानलेवा हमला कर दिया. इसमें दैनिक समाचार के पत्रकार संजय कुमार पांडेय व विकास कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गये.
पीएमसीएच में भर्ती जख्मी पत्रकार संजय ने मंगलवार को पुलिस समक्ष बयान दर्ज कराया है. दर्ज बयान में जख्मी संजय ने सगुना मोड़ स्थित हाइटेक अस्पताल प्रबंधक प्रवीण कुमार, डाॅ अशोक कुमार सिंह व अभय पांडेय समेत एक दर्जन अज्ञात कर्मियों के विरुद्ध मामला दर्ज कराया है. मामले में अस्पताल के प्रबंधक प्रवीण सिन्हा ने बताया कि मृतक विकास के परिजन हंगामे करते हुए पथराव कर रहे थे.
इस दौरान किसने पत्रकारों के साथ मारपीट की मुझे कोई नहीं पता. एएसपी अशोक मिश्रा ने बताया कि जख्मी पत्रकार संजय के बयान पर तीन नामजद व एक दर्जन अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है. थानाध्यक्ष संदीप कुमार सिंह ने बताया नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर छापेमारी की जायेगी. उधर, प्रखंडों में सभी वर्ग के लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा की.
