पटना : आंगनबाड़ी केंद्रों से बांटे जाने वाले ‘टेक होम राशन’ में अब गड़बड़ी करना आसान नहीं होगा. समेकित बाल विकास सेवाएं (आइसीडीएस) निदेशालय ने गड़बड़ी रोकने का पुख्ता इंतजाम कर दिया है. सभी जिला पदाधिकारियों को टीएचआर की निगरानी की जिम्मेदारी दी गयी है.
स्पष्ट कहा गया है कि जांच दल गठित कर नजर रखी जाये. निदेशालय स्तर से कहा गया है कि टीएचआर वितरण में पायी जाने वाली अनियमितता के लिए दंड संबंधी दिशा-निर्देश हैं. वर्तमान में सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर टेक होम राशन का वितरण हर 15 तारीख को किया जाता है.
टीएचआर का वितरण सही गुणवत्ता एवं मात्रा में सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर सघन निरीक्षण की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है. निदेशालय ने सभी जिला पदाधिकारियों से अनुरोध किया है कि टीएचआर के वितरण का निरीक्षण जिला स्तर पर गठित जांच दल से कराया जाये.
