फतुहा : रेलवे स्टेशन के रेल पुल के नीचे एक महिला के साथ शुक्रवार की रात उसके परिचित द्वारा दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है. पीड़ित महिला बख्तियारपुर के एक गांव की रहने वाली है.
इस संबंध में फतुहा रेल थाने में मामला दर्ज किया गया है. शुक्रवार की रात उक्त विधवा महिला राजेंद्र नगर से दानापुर-राजगीर सवारी गाड़ी से बख्तियारपुर के लिए चली, लेकिन ट्रेन में ही महिला के दो परिचित लोगों ने उसे फतुहा में बहला-फुसला कर उतार लिया और फतुहा रेलवे गुमटी से पश्चिम रेलवे ओवरब्रिज के नीचे झाड़ी में ले जाकर दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उक्त महिला के साथ मारपीट कर हाथ- पैर बांधकर छोड़ दिया, लेकिन उक्त महिला किसी तरह रेलवे स्टेशन पहुंच ट्रेन पकड़ कर बख्तियारपुर गयी और रात में अपनी बहन के यहां रही सुबह होने पर बख्तियारपुर थाना पहुंची. पीड़िता को महिला काउंसेलर शनिवार को फतुहा रेल थाने लायी. रेल एसपी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि उक्त दुष्कर्म के मामले में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया है.
205 रंगरूटों ने ली देश रक्षा की शपथ
बिहार रेजिमेंट सेंटर के 162 व 163 बैच के 205 जवान देश के आन-बान-शान की हर कीमत पर रक्षा करने की शपथ लेकर शनिवार को भारतीय थल सेना में शामिल हो गये. हरे रंग की वर्दी , उस पर लाल , हरे व पीले रंग की टोपी पहने रंगरूटों का उत्साह देखते बन रहा था.
वे हाका द्वार से कदम- से- कदम मिलाते हुए परेड मैदान पहुंचे, तो सभी की निगाहें उनकी ओर चली गयीं. 34 सप्ताह के कठिन प्रशिक्षण के बाद सेना में शामिल करने के लिए आयोजित कसम परेड समारोह में इन जवानों को राष्ट्रीय ध्वज के नीचे पवित्र धार्मिक ग्रंथों को साक्षी मानकर शपथ दिलायी गयी. मौके पर बिहार व झारखंड सब एरिया के जीओसी मेजर जनरल मानस कुमार मुखर्जी ने नवप्रशिक्षित रंगरूटों से कहा कि देश की संप्रभुता को अक्षुण्ण रखने व सेना पर सदियों पुराने विश्वास को कायम रखने के लिए यह नितांत आवश्यकता है कि हम एक योग्य और कुशल सैनिक बनें. रेजिमेंट के दंडापाल मेजर अभिषेक कुमार ने रंगरूटों को शपथ दिलायी.
मेजर जनरल मुखर्जी ने बेस्ट फायरिंग में सिपाही हाडस मनोज अंबादास व सिपाही सन्नी राज कुमार, बेस्ट पीटी में सिपाही बिरसा पूर्ति व सिपाही गोपाल ओगंव , बेस्ट ड्रिल मे करमा सोरेन व बेस्ट रंगरूट में सिपाही संतोष महाली व सिपाही रूपेश कुमार को सम्मानित किया.
मौके पर रेजिमेंट के कमांडेट ब्रिगेडियर मनोज नटराजन , डिप्टी कमांडेट कर्नल पीएसएल ढिल्लन, कर्नल एस हितार्थ, कर्नल जेजे लोबो, कर्नल आरपी सिंह, कर्नल तनुजा पांडेय, कर्नल प्रवीण कुमार , कर्नल अंकुर सभरवाल, आवा की अध्यक्ष सुमिता मुखर्जी व सिंधु मनोज समेत सैन्य अधिकारी मौजूद थे.
