पीएमसीएच : सुरक्षा व आरोपित कर्मचारियों पर कार्रवाई को अड़े जूनियर डॉक्टर
पटना : पीएमसीएच के हड्डी रोग विभाग के ओटी (ऑपरेशन थिएटर)- 4 में जूनियर डॉक्टरों व कर्मचारियों का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. इस कारण सोमवार को ओटी-4 में कामकाज ठप रहा. हड्डी रोग के पांच से अधिक मरीजों का ऑपरेशन नहीं हो सका. एक मरीज को तो ओटी में करीब आधा घंटा से अधिक देर तक रखने के बाद लौटा दिया गया.
कुल मिला कर इस विवाद में मरीज व उनके परिजन पिस रहे हैं. ड्यूटी पर नहीं आनेवाले जूनियर डॉक्टर पिछले दो जनवरी को पर्स चोरी के मामले को लेकर आरोपित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं. वहीं चार जनवरी को मारपीट को लेकर कर्मचारी जांच व दोषी जूनियर डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने मंगलवार से ओटी-4 में स्थिति सामान्य हो जाने का दावा किया है.
सीनियर डॉक्टरों ने जतायी असमर्थता
जानकारी के अनुसार ओटी-4 में डॉ रंजीत सिंह व डॉ राकेश चौधरी की ड्यूटी थी. लेकिन जूनियर डॉक्टरों व कर्मचारियों के नहीं आने के कारण वे ऑपरेशन नहीं कर सके. डॉ रंंजीत सिंह वार्ड में भर्ती मरीजों ने बताया कि पिछले शुक्रवार (4 जनवरी) को उनका ऑपरेशन होना था. लेकिन उस दिन भी जूनियर डॉक्टरों व कर्मचारियों के विवाद के कारण ऑपरेशन नहीं हो सका था.
क्या है मामला : दो जनवरी को ओटी-4 के एक जूनियर डॉक्टर का पर्स चोरी हो गया था. उन्होंने पीएमसीएच टीओपी में शिकायत दर्ज करायी. वहीं मामले को लेकर चार जनवरी को अस्पतालमें जूनियर डॉक्टर व कर्मचारियों के बीच मारपीट हुई थी. अस्पताल अधीक्षक ने दो बार बैठक बुला कर दोनों पक्षों को शांत कराया था.
पैर में ट्यूमर है. सीतामढ़ी से आकर 10-11 दिनों से यहां हूं. विवाद में हम पिस रहे हैं. पिछले शुक्रवार को ऑपरेशन होना था, जो टल गया. आज भी वही स्थिति रही.
—शकूर साफी, मरीज
जहानाबाद से आकर 18 दिनों से यहां अस्पताल में पड़ी हूं. पैर का ऑपरेशन कराना है, लेकिन ऑपरेशन टल जा रहा है. चार जनवरी को ही ऑपरेशन होना था.
—अंजू देवी, मरीज
क्या कहते हैं अधिकारी
पिछले दिनों के विवाद के कारण ओटी-4 में काम-काज ठप रहा. लेकिन इसका समाधान कर लिया गया है. मैंने विभागाध्यक्ष से बात की है. मंगलवार से स्थिति सामान्य हो जायेगी.
—डॉ राजीव रंजन प्रसाद, अधीक्षक, पीएमसीएच
