पटना : पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हीमोफीलिया से ग्रसित मरीजों के लिए राहत भरी खबर है. क्योंकि, पीएमसीएच में आज से हीमोफीलिया का इंजेक्शन मिलना शुरू हो जायेगा.
अस्पताल प्रशासन ने दो हजार से अधिक फैक्टर-8 वायल की खरीदारी की है. पीड़ित मरीजों को आज से इंजेक्शन मिलना शुरू हो जायेगा. बीएमआइसीएल ने अस्पताल प्रशासन को वायल मुहैया करा दी है. इस इंजेक्शन की पिछले कुछ महीनों से किल्लत हुई थी, नतीजा मरीज बिना इलाज के लौट रहे थे. अस्पताल के अधीक्षक डॉ राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि सोमवार से मरीजों को हीमोफीलिया का वायल नि:शुल्क मिलना शुरू हो जायेगा. इतना ही नहीं अब वायल खत्म नहीं हो, इसके लिए पहले से ही अधिकारियों को चेतावनी दे दी गयी है कि स्टॉक जैसे ही खत्म हो इसकी सूचना तुरंत हमें दे. ताकि, खत्म होने से पहले ही वायल पीएमसीएच में उपलब्ध हो जाये.
क्या है हीमोफीलिया
अधीक्षक डॉ राजीव रंजन ने बताया कि हीमोफीलिया जेनेटिक बीमारी है. इस बीमारी के कारण रक्त में थक्का बनने की प्रक्रिया बंद हो जाती है.
इससे हल्की सी चोट लगने पर भी मरीज के घाव से खून बहना शुरू हो जाता है. कभी-कभी मरीज को आंतरिक रक्तस्राव भी होता है, जो थक्का न बनने के कारण बंद नहीं होता और उसके शरीर में खून की कमी हो जाती है. खून में थक्का न बनना फैक्टर-8 की कमी के कारण होता है. ऐसे मरीजों को समय-समय पर फैक्टर-8 का इंजेक्शन देना पड़ता है. इस बीमारी से ग्रस्त बच्चों के हड्डी के जोड़ों में रक्तस्राव के कारण सूजन आ जाती है.
