पटना : कला एवं शिल्प महाविद्यालय के क्लास रूम में बर्थ-डे मनाने के मामले में छह छात्रों पर दर्ज हुए एफआइआर व अन्य मामलों पर गुरुवार 20 दिसंबर को अनुशासन कमेटी की बैठकहोनी थी. बैठक के लिए कोरम पूरा नहीं हो पाने के कारण अब यह बैठक सात जनवरी को होगी.
तब तक इन छात्रों को इंतजार करना होगा. गौरतलब है कि कला एवं शिल्प महाविद्यालय के क्लास रूम में शिक्षक का बर्थ-डे पार्टी मनाने पर छह छात्रों पर दर्ज हुए एफआइआर के साथ अन्य आरोपों के रिव्यू करने के लिए पीयू ने 20 दिसंबर को छात्र अनुशासन कमेटी की बैठक बुलायी थी, लेकिन बैठक में कुछ सदस्यों के नहीं रहने के कारण बैठक का कोरम पूरा नहीं हो पाया. पीयू प्रॉक्टर प्रो जीके पिल्लई ने कहा कि अनुशासन कमेटी आर्ट कॉलेज मामले पर दिये गये अपने फैसले पर पुन: विचार करने के लिए बैठक बुलायी थी, लेकिन कई प्रमुख सदस्यों के बाहर रहने के कारण बैठक का कोरम पूरा नहीं हो पाया. अब सात जनवरी को बैठक बुलायी गयी है. अनुशासन कमेटी छात्र हित को ध्यान में रखते हुए फैसला लेगी.
कुलपति और प्रतिकुलपति से मिले आरोपित छात्र
कॉलेज के छह आरोपित छात्रों ने बैठक से पहले कुलपति प्रो रास बिहारी प्रसाद सिंह और प्रतिकुलपति प्रो डॉली सिन्हा से मुलाकात की. स्टूडेंट्स ने कॉलेज और कॉलेज में शिक्षकों के व्यवहार की बातें की. कॉलेज की कई समस्याओं के साथ शिक्षकों की गुटबाजी की बातें भी पीयू पदाधिकारियों को बतायी. अधिकारी भी कॉलेज के हकीकत से रूबरू हुए. इसमें पीयू के अधिकारियों ने भी दोनों पक्षों को जान कर आश्चर्य व्यक्त किया है. छात्रों को पढ़ाई पर ध्यान देने को कहा.
पटना. विवि में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को चांसलर एवार्ड से राजभवन के द्वारा 15 जनवरी को सम्मानित किया जायेगा. इसमें बेस्ट स्टूडेंट्स इन एकेडमिक(ब्यॉज एंड गर्ल), बेस्ट स्टडूेंटस इन स्पोर्ट्स(ब्यॉज एंड गर्ल), बेस्ट स्टूडेंट इन कल्चरल एक्टीविटी(ब्यॉज एंड गर्ल), बेस्ट टीचर, बेस्ट कॉलेज, बेस्ट प्रिंसिपल, बेस्ट वाइस चांसलर, बेस्ट लेडी कॉलेज को सम्मानित किया जायेगा.
संबंधित व्यक्ति अपने विवि के वेबसाइट पर आठ जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं. इसके बाद संबंधित विवि के रजिस्ट्रार उक्त रिकमेंडेशन को राजभवन भेजेंगे. फॉर्मेट को राजभवन के वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है.
