कैबिनेट की बैठक में लिये गये कई फैसले
पटना : सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मेकेनाइजेशन के तहत 13 जिलों में अनुदानित कृषि यंत्र देने के लिए 32 करोड़ 50 लाख रुपये की स्वीकृति कैबिनेट ने दी है. इससे कृषि यांत्रिकरण कार्यक्रम को गति मिलेगी. चयनित 13 जिलों के किसानों को कृषि यंत्र खरीदने पर अनुदान दिया जायेगा. अररिया, औरंगाबाद, बांका, बेगूसराय, गया, जमुई, कटिहार, खगड़िया, मुजफ्फरपुर, नवादा, पूर्णिया, शेखपुरा एवं सीतामगढ़ी जिलों के किसानों को इसका लाभ मिलेगा. चयनित जिलों के 25-25 गांवों के कम से कम 10 किसानों को अनुदान राशि मिलेगी. इसका सीधा लाभ फसलों की उत्पादकता बढ़ाने में मिलेगा.
धान और गेहूं की बढ़ेगी उत्पादकता धान और गेहूं की उत्पादकता बढ़ाने के लिए राज्य सरकार कृषि विभाग के माध्यम से लगातार योजनाओं का क्रियान्वयन कर रही है. राष्ट्रीय कृषि विकास योजना की उप योजना हरित क्रांति योजना के क्रियान्वयन के लिए चालू वित्तीय वर्ष में 73 करोड़ 77 लाख 20 हजार रुपये खर्च करने की स्वीकृति मंत्रिपरिषद ने दी है. राज्य योजना में 90 लाख 20 हजार रुपये खर्च करने की अलग से स्वीकृति मिली है.
दरभंगा के जमालपुर में ओपी के लिए 17 पदों का सृजन : दरभंगा के जमालपुर थाना अंतर्गत बड़गांव में ओपी की स्थापना की जायेगी. इसके लिए गृह विभाग ने 17 पदों का सृजन किया है. कैबिनेट ने गृह विभाग (आरक्षी शाखा) के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. अब ओपी को शुरू करने की प्रक्रिया तेज हो जायेगी.
