पटना : रोहतास जिले के पिलौथा बाजार से चोरी की गयी स्कार्पियो गाड़ी पटना में बरामद कर ली गयी है. गाड़ी को जीपीएस की मदद से पकड़ा गया. इसमें रोहतास पुलिस की सूचना पर पटना पुलिस कंट्रोल रुम और गर्दनीबाग के थानेदार मनोरंजन भारती के अच्छे तालमेल के कारण गाड़ी बरामद की गयी. इस दौरान चोरी की गाड़ी लेकर भाग रहा चालक कक्कू भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.
सबसे बड़ी बात यह है कि इस गाड़ी को शराब तस्करी के लिए चुराया गया था. पूछताछ में चालक ने बताया कि शराब की तस्करी करने वाले गैंग के लोग इस गाड़ी को 50 हजार से एक लाख में खरीदने वाले थे. इसके बाद इस गाड़ी से शराब की तस्करी करते. थानेदार का कहना है कि अहम जानकारी मिली है, चालक से पूछताछ जारी है, कोशिश है कि शराब माफियाओं तक पहुंचा जाये.
छानबीन जारी है. दरअसल रोहतास जिले के पिलौथा बाजार से मंगलवार को सौरभ कुमार की स्कार्पियो गाड़ी चोरी कर ली गयी थी. सौरभ ने इसकी जानकारी पिलौथा थाने को जानकारी दी थी और बताया था कि गाड़ी में जीपीएस लगा हुआ है. इससे काफी मदद मिली. स्थानीय पुलिस को पता चला कि गाड़ी पटना लाया गया है. पिलौथा थाने ने पटना कंट्रोल रुम को जानकारी दी. इस पर वायरलेस सेट पर सूचना प्रसारित की गयी.
