पटना सिटी : गायघाट स्थित बाल संप्रेषण गृह से दो बाल बंदियों के रहस्यमय ढंग से फरार होने का मामला सामने आया है. गृह के प्रभारी अधीक्षक की शिकायत पर आलमगंज थाने की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले में पड़ताल आरंभ की है.
आलमगंज थानाध्यक्ष ओम प्रकाश ने बताया कि गृह के प्रभारी अधीक्षक पंकज कुमार ने शिकायत दर्ज करायी है. प्रभारी ने बताया कि गृह की सुरक्षा में सेंध लगा कर बीते आठ दिसंबर को दोनों बाल बंदी फरार हुए. दोनों बाल बंदी के फरार होने की बात जब सामने आयी, तब गृह में तैनात सुरक्षा प्रहरियों व कर्मियों ने अपने स्तर से खोजबीन की. साथ ही पुलिस को भी सूचित किया.
थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार दोनों किशोरों में एक सुल्तानगंज थाना कांड संख्या 157/ 17 व दूसरा बहादुरपुर थाना कांड संख्या 138 / 17 में आरोपित है. थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. मामले की छानबीन की जा रही है.
पुलिस टीम ने फरार दोनों बंदियों के परिजनों से भी संपर्क साधा है. हालांकि, अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है. दूसरी ओर, गृह के प्रभारी अधीक्षक बाल सुरक्षा के सहायक निदेशक दिलीप कामत भी मोबाइल फोन नहीं उठा रहे हैं. पुलिस गृह में कार्यरत कर्मियों की कहीं इसमें संलिप्तता है कि नहीं, इसकी भी जांच कर रही है.
