पटना : शहीद मुकेश के हत्या मामले में हुई एफआईआर

कुख्यात उज्ज्वल, राजकमल व पांच अज्ञात के खिलाफ कंकड़बाग थाने में प्राथमिकी दर्ज पटना : पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद शहीद हुए कांस्टेबल मुकेश सिंह के मामले में कंकड़बाग थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. इस मामले में जानीपुर के कुख्यात उज्ज्वल, परसा निवासी राजकमल पंडित व […]

कुख्यात उज्ज्वल, राजकमल व पांच अज्ञात के खिलाफ कंकड़बाग थाने में प्राथमिकी दर्ज
पटना : पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद शहीद हुए कांस्टेबल मुकेश सिंह के मामले में कंकड़बाग थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. इस मामले में जानीपुर के कुख्यात उज्ज्वल, परसा निवासी राजकमल पंडित व पांच अन्य अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस टीम में शामिल अक्षयवर सिंह के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. अक्षयवर सिंह ने अपने बयान में जानकारी दी है कि मुकेश ने उज्जवल व अन्य अपराधियों को पकड़ लिया था. लेकिन इसी बीच पीछे से एक ने फायरिंग कर दी थी, जिसमें मुकेश सिंह को गोली लग गयी थी और उनकी इलाज के दौरान मौत हो गयी.
सात की संख्या में थे अपराधी : इधर, पुलिस ने पकड़े गये परसा निवासी राजकमल से पूछताछ की, जिसमें उसने केवल उज्जवल के नाम की जानकारी पुलिस को दी. बाकी 5 अपराधियों के संबंध में वह जानकारी नहीं दे पाया और बताया कि वे लोग उज्जवल के साथ थे. उन्हें वह नहीं जानता है. पुलिस ने उसे जेल भेज दिया. राजकमल को फिर से पुलिस रिमांड पर लेगी और पूछताछ करेगी.
अपराधियों की तलाश के लिए एसआईटी का गठन, एसटीएफ द्वारा शुरू कर दी गयी है छापेमारी
कांस्टेबल पर फायरिंग करने वाले अपराधियों की तलाश के लिए एसआईटी का गठन किया गया है. इसका नेतृत्व एसएसपी मनु महाराज करेंगे. इसके अलावा एसटीएफ, सूचना ईकाई की टीम भी इस मामले में फरार अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी करेगी. छापेमारी शुरू कर दी गयी है.
मुंगेरी पिस्टल से हुई थी फायरिंग :
मुकेश सिंह के शव के पोस्टमार्टम में जानकारी मिली है कि अपराधियों ने मुंगेरी पिस्टल (7.65 बोर) से फायरिंग की थी. तीन गोलियां लगने की पुष्टि हुई है. पुलिस ने घटनास्थल से बरामद खोखे और मुकेश के शरीर से मिले कारतूस को जांच के लिए एफएसएल भेज दिया है.
सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाल रही पुलिस : पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के साथ ही न्यू बाईपास, पटना-गया मार्ग में लगे सीसीटीवी कैमरे के वीडियो फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है. पुलिस ने दो संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है.
राहुल शर्मा को भी रिमांड पर लेगी पुलिस : पुलिस अब इस मामले में हाल में ही पकड़े गये मुनचुन गिरोह के शातिर राहुल शर्मा को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी.
आईजी ने एसएसपी व सिटी एसपी के साथ की बैठक
पटना. नौबतपुर के कुख्यात अपराधी मुचकुन गिरोह के शातिर उज्ज्वल और उसके साथियों के साथ पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में कांस्टेबल मुकेश कुमार के शहीद होने के बाद जोनल आईजी नैय्यर हसनैन खां ने मंगलवार को कई केसों की समीक्षा के लिए बैठक की. इसमें एसएसपी मनु महाराज व तीनों सिटी एसपी के साथ ही डीएसपी भी शामिल हुए. आईजी ने नौबतपुर, विक्रम और बिहटा में हुए अपराध के दर्ज हुए केस की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली. अपराधियों की गिरफ्तारी करने का निर्देश दिया.
अपराधियों से टक्कर लेने में आगे रहता था मुकेश
पटना. कांस्टेबल मुकेश को पुलिस विभाग में एक बहादुर जवान के रूप में जाना जाता था. एसटीएफ की ओर से जब भी अपराधियों और नक्सलियों के बीच ऑपरेशन होता था, तो उसमें मुकेश को शामिल किया जाता था. उसने अपनी बहादुरी और दिलेरी को कई बार साबित कर दिखाया था. मुंगेर, गया के शरेघाटी, जमुई, चकाई आदि इलाकों में जब एसटीएफ का नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन चला था, तो वह सबमें शामिल था.
आरोपितों को खोजने में एसटीएफ को भी लगाया : पटना. न्यू बाईपास क्षेत्र में तीन दिसंबर को अपराधियों को पकड़ने गयी टीम पर हमला करने वालों की खोज में एसटीएफ को लगाया गया है.
मुठभेड़ के बाद अपराधियों ने छीना था छात्र शिवम का मोबाइल फोन : पटना.न्यू बाईपास सेंट्रल स्कूल के समीप पुलिस और अपराधियों के बीच बीते रोज जो एनकाउंटर हुआ. एनकाउंटर में सिपाही की हत्या करने के बाद अपराधियों ने पत्रकार नगर थाने के न्यू बाईपास से कांटी फैक्टरी रोड जाने वाली सड़क पर छात्र शिवम कुमार चौबे से उसका मोबाइल फोन छीन लिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >