पुलिस बोली, धोखाधड़ी का मामला
पटना सिटी : मालसलामी थाना क्षेत्र के नगला मोहल्ला में व्यापारी बन कर घर पर आये बदमाशों ने मां व बेटा को बंधक बना कर सात लाख रुपये व अन्य सामान लूट लिये. पीड़ित की ओर से थाने में मामला दर्ज कराया गया है. दर्ज मामले में पुलिस जांच-पड़ताल की बात कह रही है. लकड़ी के कारोबारी स्वर्गीय अनूप कुमार की पत्नी पूनम देवी ने पुलिस को बताया कि रविवार की दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे उनके मोबाइल पर फोन आया.
फोन करने वाले ने बिहटा से व्यापारी बता कर लकड़ी खरीदने की बात कही. उसने यह भी कहा कि पैसा एडवांस में देना है, इसलिए वे घर पर आयेंगे.
उसने यह भी कहा कि वो पहले भी आ चुका है. मैं आपको जानता हूं. इसके बाद लगभग सवा एक बजे वह घर आया. इसके बाद पुत्र सिद्धांत ने दरवाजा खोला. इसके बाद तीन लोग घर में आये, इसी बीच वह भी नीचे आयी, जहां लकड़ी के संबंध में रेट पर दस मिनट तक चर्चा की. फिर तीनों ने पानी मांग कर पी. इसके बाद एक ने बाथरूम जाने की बात कही.
बेटा जब उसे बाथरूम की ओर ले गया, तब बेटे को रिवाल्वर दिखा कर बंधक बना लिया. जबकि दोनों ने उसका गला पकड़ कर अंदर कमरे में ले जाकर अलमारी की चाबी मांगी, उसमें रखे एक लाख रुपये ले लिये. फिर उसने अपने दो आदमी को बुला अलमारी में छिपा कर रखे सात से आठ लाख रुपये, दो भर के सोने की कान बाली व आर्टिफिशियल ज्वेलरी भी ले ली. फिर जान मारने की धमकी देते हुए कमरे में बंद कर बाहर से चला गया.
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने कांड संख्या 397/18 में मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ की है. थानाध्यक्ष अरविंद कुमार का कहना है कि मामला लूटपाट का नहीं , बल्कि धोखाधड़ी का है, जिसकी पड़ताल की जा रही है. इस मामले में मोबाइल नंबर व सीसीटीवी कैमरे की मदद ली जा रही है. जल्द ही मामले का उद्भेदन होगा.
