निर्धारित दर पर बालू बेचने को अभियान
पटना : जिला प्रशासन निर्धारित दर से अधिक दर पर बालू बेचने पर कार्रवाई करेगा. इसको लेकर अनुमंडलीय स्तर के अधिकारी कार्रवाई करेंगे. जिलाधिकारी कुमार रवि ने बताया कि पटना जिलान्तर्गत बालूघाटों से निर्धारित दर सेे अधिक दर पर बालू की बिक्री करने पर बंदोबस्तधारी एवं बिचौलियो पर विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी.
जिलाधिकारी ने बताया कि गठित टीम द्वारा अपने प्रभाराधीन क्षेत्रन्तर्गत स्वीकृत बालूघाटों पर निर्धारित दर से अधिक दर पर बालू बिक्री करने, वाहन मालिकों-चालकों द्वारा लिये जा रहे अधिक परिवहन खर्च एवं बाहर के अवैध पार्किंग स्थलों पर बालू लदे वाहनों को अवैध रूप से खड़ा कर ऊंचे दामों पर बिचौलियों द्वारा किये जा रहे बालू की बिक्री की जांच कर इसमें संलिप्त पाये गये बालू माफियाओं पर कानूनी कार्रवाई की जायेगी. गौरतलब है कि पटना जिला में 81 घाटों पर बालू खनन की स्वीकृति प्राप्त है. इसमें अक्टूबर से 24 घाटों पर खनन प्रारंभ किया गया है.
