2017 में 198 पदों पर हुई थी नर्सों की बहाली
पटना : पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में नर्सों की बहाली का मामला घोटाले की भेंट चढ़ गयी है. 2017 में 198 सीट के लिए पूरी हुई बहाली प्रक्रिया में 17 हजार अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन. इसमें सेंटिंग का मामला पकड़ में आने के बाद इसे रद्द करने का निर्णय स्वास्थ्य विभाग ने लिया है. हालांकि अभी पीएमसीएच प्रशासन कुछ कहने से इन्कार कर रहा है. स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों की माने तो 198 सीट पर हुए बहाली मामले में 70 प्रतिशत छात्र सेटिंग के माध्यम से पहुंचे थे. जिसे पकड़ में आने के बाद स्वास्थ्य विभाग रद्द करने जा रहा है. बहाली फाइनल स्टेज में था और इसके लिए अलग से फाइनल पैनल भी बनकर तैयार हो गया था.
नर्सों की कमी को देखते हुए पीएमसीएच प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को नर्सों की बहाली के लिए आवेदन भेजा था. विभाग से स्वीकृति होने के बाद 2017 में कुल 198 पदों पर नर्सों की बहाली निकाली गयी. इसमें 17 हजार छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया. इसमें 198 छात्रों का चयन भी कर लिया गया था. इस बीच नये अधीक्षक व प्रिंसिपल के आने के बाद अंतिममोहर लगनी बाकी थी. जानकारों की माने तो नियम के विरुद्ध नर्सिंग बहाली की गयी है. इसको देखते हुए विभाग बहाली रद्द करने जा रहा है. इस बहाली का मामला पकड़ में आता है तो पूर्व प्रिंसिपल डॉ विजय कुमार गुप्ता, अधीक्षक डॉ दीपक टंडन व अन्य कर्मचारी घेरे में आ सकते हैं.
