जहाज के पार होने का इंतजार, फिर करें पीपा से गंगा पार
पटना सिटी : महात्मा गांधी सेतु के जाम के विकल्प बने गायघाट पीपा पुल बन कर तैयार हो चुका है. अब इस पर यातायात भी आरंभ हो जायेगा. बिहार राज्य पुल निर्माण निगम की ओर से इसके लिए तैयारी भी हो चुकी है.
पुल निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि 16 नवंबर से पीपा पुल को चालू करना था, लेकिन भारतीय अंतरदेर्शिय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) की ओर से जहाज को पार करना है, इसके लिए एक पीपा को अभी नहीं जोड़ा गया है. जहाज के पार होने के बाद पीपा को जोड़ने का काम करा वाहनों का परिचालन आरंभ करा दिया जायेगा
कार्यपालक अभियंता की मानें तो 16 की रात को पीपा जोड़ने का काम कराने के बाद 17 नवंबर से पीपा पुल पर वाहनों का परिचालन आरंभ हो जायेगा. गंगा के जल स्तर में आयी कमी के बाद पीपा पुल बनाने का काम व दोनों तरफ ईंट सोलिंग का निर्माण कार्य कराया जा चुका है.
दरअसल बीते 21 जून को गंगा के जल स्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए पीपा पुल को खोला गया था. पीपा पुल के चालू होने की स्थिति में छोटे वाहनों का दबाव गांधी सेतु से घट जायेगा. कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार की मानें तो पीपा पुल पर वाहनों का परिचालन आरंभ हो इसके लिए आवश्यक कार्य कराये गये हैं.
गांधी सेतु के समानांतर बने पीपा पुल पर छोटे वाहन का परिचालन बाधारहित हो इसके लिए गायघाट के समीप इसे बनाया गया था, जो हाजीपुर में तेरिसया दियारा के पास से जुड़ता है. बीते दो वर्षों से मिल रहे पीपा पुल की सुविधा से गांधी सेतु पर छोटे वाहनों का बोझ कम हो, इसके लिए पीपा पुल पर 24 घंटे वाहनों के परिचालन की अनुमति वैशाली व पटना जिला प्रशासन की ओर से सहमति बना कर दी गयी थी.
संभावना है कि इस बार भी यह सुविधा छोटे वाहनों को मिलेगी क्योंकि महात्मा गांधी सेतु को संजीवनी देने व सुपर स्ट्रक्चर को बदलने का कार्य हाजीपुर की तरफ पश्चिमी लेन पर चल रहा है. पीपा पुल की लंबाई दो किमी है, जिसे बनाने में लगभग 169 पीपा लगा है. पुल की चौड़ाई 16 फुट है. जिस पर पांच टन से कम क्षमता वाले वाहनों का परिचालन होता है.
सोनपुर मेले से बढ़ेगा सेतु पर दबाव
पटना सिटी : कार्तिक पूर्णिमा से आयोजित होने वाले प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र के सोनपुर मेला के आरंभ होने की स्थिति में एक माह तक महात्मा गांधी सेतु सेतु पर वाहनों के दबाव बढ़ने की संभावना है. हालांकि गायघाट से तेरसियसा दियारा के बीच तैयार हो रहे पीपा पुल पर वाहनों का परिचालन आरंभ होने की स्थिति में छोटे वाहनों का दबाव सेतु से घटेगा. ऐसा नहीं होने की स्थिति में सेतु पर मेला को देख छोटे वाहनों का दबाव बढ़ सकता है.
वाहनों के दबाव में थमती रही रफ्तार : महात्मा गांधी सेतु व अशोक राजपथ पर गुरुवार को भी वाहनों का दबाव कायम रहने, ओवर टेक व बेतरतीब परिचालन की वजह से दोपहर तक रुक-रुक जाम की स्थिति बनी रही. जाम की यह स्थिति पटना से हाजीपुर जाने वाले मार्ग व हाजीपुर से पटना आने वाले मार्ग पर थी.
