सभी कमरों को किया गया सील
कुलपति, प्रॉक्टर व डीन ने किया कैंपस का दौरा
पटना : पटना विश्वविद्यालय का सैदपुर कैंपस पूरी तरह से पुलिसकर्मियों से मुक्त हो गया है. इन पुलिसकर्मियों को करीब 10 वर्ष पूर्व तात्कालिक कुलपति प्रो वाइसी सिम्हाद्री द्वारा हॉस्टलों की सुरक्षा को देखते हुए तात्कालिक रूप से भामा हॉस्टल में रहने की परमिशन दी थी. बाद में इन्होंने न सिर्फ यहां बसेरा बना लिया. इसके बाद इन्होंने कुछ क्वार्टरों पर भी कब्जा जमा लिया. फिर एक और हॉस्टल नंबर 5 में भी घुस कर रहने लगे.
इसके बाद जब कुलपति ने उनसे निकलने का आग्रह किया, तो वे नहीं निकले. इसको लेकर मामला हाईकोर्ट में चल रहा था. कोर्ट के आदेश के बाद सभी पुलिसकर्मियों ने आदेश का सम्मान करते हुए बुधवार को हॉस्टलों व क्वार्टरों को पूरी तरह से खाली कर दिया.
विवि प्रशासन ने अपना ताला मारकर सील कर दिया : शाम को कुलपति प्रो रास बिहारी सिंह, प्रॉक्टर जीके पलई व डीएसडब्ल्यू प्रो एनके झा ने स्वयं जाकर कैंपस का दौरा किया और एक-एक कमरे को विवि प्रशासन ने अपना ताला मारकर सील कर दिया. डीएसडल्ब्यू ने बताया कि कैंपस को पूरी तरह से खाली करा लिया गया है. इसकी रिपोर्ट न्यायालय को दे दी जायेगी.
तालाब पर भी है कुछ लोगों का अवैध कब्जा
इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि अभी भी वहां तालाब पर कुछ लोगों का अवैध कब्जा है.उनकी लीज समाप्त हो चुकी है. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को भी कोर्ट में रखा जायेगा. अतिक्रमण मुक्त कर तालाब को भरा जायेगा. उक्त जगह पर शैक्षणिक गतिविधियों के लिए भवन निर्माण होगा. उन्होंने कहा कि इसी कैंपस में वाणिज्य कॉलेज का भवन बनना है.
इसके अतिरिक्त कई पीजी विभाग व संस्थान इसी कैंपस में खोलने की योजना है. वहीं कुछ नये हॉस्टल और भी बनेंगे. वर्तमान में वहां पांच हॉस्टल हैं, जिनमें से चार रहने लायक हैं. कुछ को नष्ट कर दिया गया है और कुछ को नष्ट किया जाना है. सुरक्षा की दृष्टि से यहां गार्ड भी तैनात कर दिये गये हैं. उन्होंने कहा कैंपस में नव नियुक्त शिक्षकों को रहने की जगह दी जायेगी.
