पटना : ईको पार्क के पास स्कूटी सवार दो उचक्कों ने रिक्शे से जा रही महिला शिक्षक कविता सिन्हा का पर्स झपट्टा मार कर छीन लिया. उचक्कों की हरकत पर शिक्षिका ने शोर मचाया तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने पीछा करना शुरू किया. घटना स्थल से थोड़ी दूरी पर एंटी रेस की पुलिस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी.
सूचना मिलते ही एंटी रेस की टीम में शामिल अमरेश कुमार ने तत्परता दिखायी और भाग रहे स्कूटी सवार दोनों उचक्कों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके कब्जे से पुलिस ने महिला का छीना हुआ पर्स भी बरामद किया. दोनों बदमाशों को सचिवालय थाने को सुपुर्द कर दिया. पकड़े गये दोनों आरोपित नाबालिग हैं. उनकाकहना है कि जेब खर्च चलाने के लिए ऐसा करते हैं.
बेटी के साथ पुनाईचक जा रही थी शिक्षिका : कविता सिन्हा सरिस्ताबाद केपीएस स्कूल में शिक्षक हैं. उन्होंने बताया कि वह रविवार को कुछ काम से अपनी बेटी के साथ पुनाईचक जा रही थीं. इस दौरान ईको पार्क के पास स्कूटी सवार उचक्कों ने उनका पर्स छीन लिया. फिलहाल पर्स बरामद हो गया है और दोनों गिरफ्तार भी हो गये हैं.
