पटना : जमीन का लगान ऑनलाइन जमा करने को लेकर तैयारी अंतिम चरण में है. मुख्यमंत्री ने अक्तूबर से ऑनलाइन लगान जमा करने की प्रक्रिया शुरू करने के संबंध में राजस्व व भूमि सुधार विभाग को निर्देश दिया था. जानकारों के अनुसार बचे हुए लगभग एक दर्जन अंचलों में ऑनलाइन लगान जमा करने की तैयारी पर तेजी से काम चल रहा है. जमाबंदी का डिजिटाइजेशन का काम भी तेजी से हो रहा है. इसके बाद दो अक्तूबर से सभी 534 अंचलों में ऑनलाइन लगान जमा करने की प्रक्रिया शुरू हो जायेगी.
इससे लोग अपनी जमीन का ऑनलाइन लगान कहीं से भी जमा कर पायेंगे. जमीन का लगान जमा करने के लिए उन्हें राजस्व कर्मचारी का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. बस जमीन का पूरा डिटेल देने पर लगान का ब्योरा सामने आयेगा और लोग लगान जमा कर पायेंगे.
जमीन का लगान जमा करने के लिए तरह-तरह की परेशानी की वजह से वर्षों का लगान लोग जमा नहीं करते हैं. राजस्व कर्मचारी का ठौर-ठिकाना निश्चित नहीं होने से लोगों को दिक्कतों का सामाना करना पड़ता है. इससे एक ओर जहां राज्य सरकार को राजस्व वसूली में परेशानी होती है, वहीं दूसरी ओर किसान भी कई तरह के सरकारी लाभ से वंचित रह जाते हैं.
ऑनलाइन लगान जमा करने की व्यवस्था शुरू होने से लोग विभाग की वेबसाइट पर जाकर लगान जमा कर पायेंगे. इसके लिए कुछ प्रक्रिया पूरी करनी होगी. ऑनलाइन भुगतान मेनू पर जिला, अंचल, हल्का, मौजा व जमाबंदी से संबंधित वविरण जैसे रैयत का नाम, खाता संख्या, प्लॉट आदि भरना होगा. भुगतान ऑनलाइन नेट बैंकिंग चलान द्वारा किया जा सकता है.
ई-पेमेंट के माध्यम से भू-लगान के सफल भुगतान के बाद रैयतों को लगान रसीद की प्रति प्राप्त हो जायेगी. राजस्व व भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा ने कहा कि ऑनलाइन लगान जमा करने की तैयारी की प्रक्रिया अंतिम चरण में है. दो अक्तूबर से सभी 534 अंचलाें में लोग ऑनलाइन लगान जमा कर पायेंगे.
