पटना : एक ही जगह चल रहे दो-तीन जगहों के आईटीआई

आईटीआई संस्थानों में अनुदेशक की घोर कमी से हो रही है परेशानी पालीगंज में चल रहे दो आईटीआई, दीघा में तीन आईटीआई संस्थान अनुराग प्रधान पटना : बिहार में सरकारी आईटीआई संस्थानों की हालत खराब है. आईटीआई संस्थानों में अनुदेशक की घोर कमी है. इसी कमी को पाटने के लिए एक आईटीआई में दो से […]

आईटीआई संस्थानों में अनुदेशक की घोर कमी से हो रही है परेशानी
पालीगंज में चल रहे दो आईटीआई, दीघा में तीन आईटीआई संस्थान
अनुराग प्रधान
पटना : बिहार में सरकारी आईटीआई संस्थानों की हालत खराब है. आईटीआई संस्थानों में अनुदेशक की घोर कमी है. इसी कमी को पाटने के लिए एक आईटीआई में दो से तीन आईटीआई संचालित हो रहे हैं. अनुदेशकों की कमी के कारण आईटीआई दीघा घाट (पटना) के ऊपर आईटीआई बाढ़, आईटीआई पटना सिटी और आईटीआई बिहटा की जवाबदेही है. आईटीआई बाढ़, आईटीआई पटना सिटी और आईटीआई बिहटा में एक भी अनुदेशक नहीं होने के कारण यह बोझ आईटीआई दीघा पर डाला गया है. अलबत्ता यहां कि स्थिति भी कुछ खास नहीं है.
आईटीआई दीघा में 22 ट्रेड हैं, जिनमें 12 ट्रेडों में अनुदेशक नहीं हैं. वहीं इनमें 80 यूनिटों के प्रशिक्षण हेतु मात्र 30 अनुदेशक हैं. इसके साथ ही इन्हीं अनुदेशकों के भरोसे इन तीन आईटीआई के छात्र भी हैं.
पालीगंज में एक ग्रुप अनुदेशक के कंधों पर 20 युनिटों के छात्रों का भार
बिहार राज्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कर्मचारी संघ के महासचिव प्रेमचंद कुमार सिन्हा ने कहा कि दीघा आईटीआई के जैसी स्थिति बिहार के कई आईटीआई संस्थानों की है. इसी तरह आईटीआई पालीगंज में एक भी अनुदेशक पदस्थापित नहीं हैं एवं आईटीआई मसौढ़ी के प्रशिक्षणार्थियों को भी प्रशिक्षण देने की जवाबदेही है. हालांकि पालीगंज में एक ग्रुप अनुदेशक पदस्थापित हैं. कुल छह ट्रेडों में दोनों संस्थानों को मिला कर कुल 20 यूनिटों में छात्र नामांकित हैं, परंतु एक मात्र ग्रुप अनुदेशक के भरोसे प्रशिक्षण कार्य चल रहा है. हाजीपुर आईटीआई में महिला आईटीआई चल रहा है.
गया आईटीआई में डुमरिया महिला आईटीआई चल रहा है. आईटीआई नवादा में महिला आईटीआई, रजौली आईटीआई का संचालन हो रहा है. आईटीआई जहानाबाद में महिला आईटीआई, एलडब्ल्यूई, महिला आईटीआई अरवल का संचालन हो रहा है.
50 अनुमंडलों में सामान्य आईटीआई में नहीं हैं अनुदेशक : इसी तरह जीतन राम मांझी के पैतृक गांव महकार (गया) में 12 यूनिटों के लिए एक भी अनुदेशक नहीं हैं, सिर्फ तीन ग्रुप अनुदेशकों के भरोसे प्रशिक्षण चल रहा है. यही हाल पूरे बिहार का है. 50 अनुमंडलों में सामान्य आईटीआई एवं 22 जिलों में महिला आईटीआई तथा नौ उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में आईटीआई (एलडब्ल्यूई) में एक भी अनुदेशक नियुक्त नहीं हैं.
28 को एक दिवसीय धरना देगा संघ
बिहार राज्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विनय कुमार और महासचिव प्रेमचंद कुमार सिन्हा ने कहा कि कौशल विकास के नाम पर राज्य के नवयुवकों-नवयुवतियों के साथ व्यापक धोखाधड़ी की जा रही है.
इसलिए बिहार राज्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कर्मचारी संघ अनुदेशकों की नियमित नियुक्ति, प्रोन्नति, ग्रेड पे 4600 देने, उप-प्राचार्य में प्रोन्नति देने, सभी संवर्ग के योग्य कर्मियों को एसीपी एवं प्रोन्नति देने आदि मागों को लेकर 28 सितंबर को मुख्यमंत्री और विभागीय मंत्री के समक्ष एक दिवसीय धरना देने का निर्णय लिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >