फुलवारीशरीफ : सर्वमंगला सांस्कृतिक मंच (एसएसएम) का साप्ताहिक नुक्कड़ नाटक शृंखला में महेश चौधरी द्वारा लिखित एवं राकेश प्रेम द्वारा निर्देशित नुक्कड़ नाटक ‘देश को बचाना है पॉलिथीन को हटाना है’ की प्रस्तुति वाल्मी स्थित आशीष मार्केट में की गयी.
नाटक की शुरुआत सौरव राज के स्वर बद्ध गीत छोड़ो पॉलीथिन की थैली हम सबने है ठानी, चलो निकाले कपड़े की थैली नयी पुरानी…से की गयी. नाटक के माध्यम से सबसे बड़ा एक सवाल उठाया गया कि आज प्लास्टिक का जमाना है इस कारण हम लोग पर्यावरण और अपने आपका नाश क्यों कर रहे हैं? इससे कैंसर जैसी बीमारियां भी फैल रही है पॉलीथिन के कारण एलर्जी और फेफड़े की बीमारी सबसे अधिक होती है. प्लास्टिक के ज्यादा संपर्क में रहने से खून में थेलेट्स की मात्रा बढ़ जाती है,
इससे गर्भ में पल रहे शिशु का भी विकास रुक जाता है और प्रजनन अंगों को नुकसान पहुंचता है. सड़क पर फेंके पॉलीथिन को खाने से जानवर भी बीमार हो रहे हैं यदि प्लास्टिक को जमीन में गाड़ते हैं तो वह जमीन को भी बंजर बना देती हैं तो आईये हम सभी मिलकर यह शपथ लेते हैं कि देश को बचाना है और प्लास्टिक को हटाना है. नाटक में मोनिका, सौरव, रजनीश, अंजनी, छोटू, श्रवण, संजय, पूजा, रिचा, सुनील, रंजीत, मुकेश आदि कलाकारों ने अभिनय किया.
