आज गया पहुंचेगा मक्का से हज यात्रियों का पहला जत्था
हजयात्रा : वापसी की सिलसिला आज से शुरू, 11 सितंबर तक सभी लौट आयेंगे घर
पटना : मक्का से हज यात्रियों की वापसी की सिलसिला आज से शुरू हो जायेगा. मक्का से 150 यात्रियों का दल गया एयरपोर्ट पर उतरेगा जहां उनका भव्य स्वागत किया जायेगा. हज की मुकद्दस यात्रा से लौटने वाले यात्रियों का अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खुर्शीद अहमद की अगुआई में बिहार हज कमेटी सभी आने वाले यात्रियों का स्वागत करेगी. सभी यात्रियों की गया एयरपोर्ट पर भव्य अगवानी होगी.एयर इंडिया की फ्लाइट से ही सभी हाजी पहुंचेंगे. 28 अगस्त से 11 सितंबर तक सभी हज यात्री अपने घर लौट आयेंगे.
बिहार राज्य हज कमेटी के चेयरमैन हाजी इलियास हुसैन उर्फ सोनू बाबू ने बताया कि हज यात्रा पूरी करने के बाद सभी वापस वतन लौट रहे हैं. उनके भव्य स्वागत की सभी जरूरी तैयारियां पूरी हो गयी है. मंत्री जी की अगुआई में हम सभी उनका स्वागत करेंगे और यह अपील करेंगे कि हज का पाक संदेश सभी तक पहुंचाएं.
बिहार से मक्का गये थे कुल 4798 हाजी
इस बार हज यात्रा पर बिहार से कुल 4798 यात्रियों ने हज का मुकद्दस सफर तय किया. 14 जुलाई से लेकर 28 जुलाई तक हज यात्रा में हर रोज एक जत्था में हज यात्री गया के लिए पटना से एसी बस से रवाना हुए. हज भवन से ही प्रदेश के सभी जिलों से आजमीन-ए-हज आये और यहां से गया और गया से हवाई जहाज के जरिये मक्का रवाना हुए थे.
इसके लिए बिहार स्टेट हज कमेटी ने हज भवन में सभी हाजियों के लिए सेंट्रलाइज एसी कमरे के साथ बेहतर बेड और भोजन की व्यवस्था की थी. हाजियों के साथ आने वाले परिवार के लोगों के लिए भी छत पर रहने की मुकम्मल व्यवस्था की गयी थी. हज यात्रा के दौरान किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो, इसे ध्यान में रखते हुए पटना के हजभवन में स्पेशल कंट्रोल रूम भी बनाया गया था. हज यात्रियों को गया एयरपोर्ट तक छोड़ने के लिए उनके परिवार वाले भी गये थे.
12 महिला हज यात्रियों ने अकेले किया सफर : हज की इस साल की यात्रा में पहली बार 12 महिला तीर्थ यात्रियों ने सऊदी अरब का सफर तय किया. हज यात्रा के नियमों में केंद्र सरकार द्वारा तब्दीली के बाद यह पहली दफा है जब महिलाएं अकेले तीर्थ यात्रा पर गयीं. स्टेट हज कमेटी के अनुसार इस साल 5159 हज यात्रियों का हज आवेदन स्वीकृत हुआ था. कुछ कारणों से 361 आवेदकों द्वारा हज यात्रा रद्द कर दी गयी थी.
