फ्लोटिंग क्रेन से हुई स्कॉर्पियो की खोज

11 वें दिन भी हुई तलाशी, नहीं मिली कामयाबी गंगा में गिरी स्कॉर्पियो का पता नहीं पटना सिटी : महात्मा गांधी सेतु के पाया संख्या 38 के पास से गंगा में गिरी स्कॉर्पियो की तलाश में नेवी के आठ सदस्यीय दल व फ्लोटिंग क्रेन को लेकर शुक्रवार को लगाया गया. घटना के 11 दिन बीत […]

11 वें दिन भी हुई तलाशी, नहीं मिली कामयाबी

गंगा में गिरी स्कॉर्पियो का पता नहीं
पटना सिटी : महात्मा गांधी सेतु के पाया संख्या 38 के पास से गंगा में गिरी स्कॉर्पियो की तलाश में नेवी के आठ सदस्यीय दल व फ्लोटिंग क्रेन को लेकर शुक्रवार को लगाया गया. घटना के 11 दिन बीत जाने के बाद भी स्कॉर्पियो का कुछ पता नहीं चल सका है. नेवी टीम के साथ एनडीआरएफ के सहायक कमांडेंट अवनिश शाही, इंस्पेक्टर राजेश कुमार व राकेश कुमार के साथ एक्सपर्ट की टीम भी सर्च अभियान में शामिल हुई. सहायक कमांडेंट ने बताया कि सर्च आॅपरेशन के दरम्यान घटनास्थल पाया संख्या 38 के पास ठोस चीज के अवशेष मिलने की संभावना पर फ्लोटिंग क्रेन से तीन बार हूक फंसा कर बाहर निकालने की कोशिश हुई, लेकिन कामयाबी नहीं मिली. टीम की ओर से शनिवार को भी सर्च आॅपरेशन गंगा में चलाया जायेगा.
विशाखापत्तनम से लेफ्टिनेंट एसके सिंह की अगुआई में पहुंची आठ सदस्यीय नेवी की टीम ने भी सोनार सिस्टम के माध्यम से गंगा में सर्च आॅपरेशन चलाया. लेफ्टिनेंट ने बताया कि अत्याधुनिक सोनार सिस्टम में इमेजिंग की भी क्षमता है. इस परिस्थिति में खोज की जा रही है. इसके लिए जेमिनी मशीन का भी उपयोग किया गया . टीम के सदस्यों ने बताया कि पानी में करेंट अधिक होने व पानी मटमैला होने की स्थिति में कार्य करने में परेशानी हो रही है. इसके बाद बड़े बोट से तलाशी जारी है.
बताते चलें कि बीते 31 जुलाई की सुबह लगभग सवा पांच बजे हाजीपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पाया संख्या 38 के पास कट प्वाइंट के समीप लोहे की रेलिंग को तोड़ती हुई गंगा में गिर गयी थी. स्कॉर्पियो में सवार लोगों के डूब जाने की आशंका जतायी जा रही है. इसके बाद मची अफरा-तफरी के बीच उच्चाधिकारियों के निर्देश पर घटना के दिन से लगातार रेस्क्यू आॅपरेशन चलाया जा रहा है. दूसरी ओर, उम्मीद लेकर सर्च आॅपरेशन को देखने के लिए लापता आदर्श के पिता, भाई व मामा के साथ परिवार व दोस्त शुक्रवार को भी गायघाट पहुंचे.
दरअसल मामला यह है कि कंकड़बाग थाना क्षेत्र की पीसी कॉलोनी में रहने वाले सर्जिकल आइटम के कारोबारी डॉ विपिन कुमार सिंह का पुत्र स्कॉर्पियो के साथ घटना के दिन 31 जुलाई को ही सुबह साढ़े तीन बजे लापता है. पंद्रह वर्षीय आदर्श घर से स्कॉर्पियो लेकर निकला था. लापता आदर्श की गुमशुदगी का मामला कंकड़बाग थाने में परिजनों की ओर से दर्ज कराया गया है. इसी बीच गांधी सेतु से स्कॉर्पियो के गिरने की सूचना मिलने के बाद से संभावना के आधार पर परिवार के सदस्य सर्च आॅपरेशन में शामिल होने आ रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >