फतुहा : औद्योगिक क्षेत्र स्थित रायुपुरा स्थित पेट्रोल पंप से शनिवार की रात हथियारबंद अपराधियों ने एक लाख रुपये लूट लिये. मौके पर पहुंची पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला. जानकारी के अनुसार शनिवार की रात्रि 10 बजे औद्योगिक क्षेत्र स्थित फतुहा फयूल्स पर चार बाइकों पर सवार आठ हथियारबंद अपराधी आये और पेट्रोल पंप के कर्मचारियों पंकज कुमार और सियाराम सिंह के साथ मारपीट कर दोनों से करीब एक लाख रुपये लूट लिये.
बचाने आये टेंपोचालक को भी पीटा : बचाने आये दरियापुर निवासी टेंपोचालक छोटे को भी अपराधियों ने मारपीट कर घायल कर दिया. इस घटना में उसका सिर फट गया. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अवर निरीक्षक सचिन कुमार व वाल्मीकि पासवान ने पूरे औद्योगिक क्षेत्र से लेकर बुद्धुचक तक अपराधियों की खोज की, लेकिन कुछ अता-पता नहीं चल पाया. इस संबंध में जब इन पुलिस अधिकारियों से पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि सिर्फ मारपीट हुआ है. लूट की घटना संदिग्ध प्रतीत होती है. फिलहाल पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज देख पुलिस मामले की जांच कर रही है.
