Nitish Kumar: बिहार की राजनीति में बदलाव की तस्वीर अब लगभग साफ होती दिख रही है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि नीतीश कुमार संसद के अनुभवी नेता हैं और पहले भी करीब 15 साल तक वहां अपनी मजबूत भूमिका निभा चुके हैं. उन्होंने युवाओं से कहा कि राजनीति सीखने के लिए नीतीश कुमार के पुराने संसदीय भाषण जरूर सुनने चाहिए.
नीतीश ने पार्टी को कैसा खड़ा किया?
संजय झा ने यह भी कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले कई लोग जदयू के भविष्य पर सवाल उठा रहे थे, लेकिन यह पार्टी नीतीश कुमार की मेहनत और ईमानदारी से खड़ी हुई है. उन्होंने कहा कि पार्टी मजबूत है और आगे भी मजबूती से काम करती रहेगी. बिहार की राजनीति में नीतीश कुमार की भूमिका आगे भी अहम बनी रहेगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
मंत्री ने बताया कब बनेगी नई सरकार
बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि 15 अप्रैल को बिहार में नई सरकार बन सकती है. उन्होंने बताया कि खुद नीतीश कुमार ने कहा है कि वह 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे और उसके बाद सांसद के रूप में नई जिम्मेदारी निभाएंगे. इसके बाद राज्य में नए नेतृत्व के साथ सरकार का गठन होगा.
रामकृपाल यादव ने यह भी कहा कि नई सरकार नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में काम करेगी और बिहार के विकास की रफ्तार जारी रहेगी. यानी चेहरा बदल सकता है, लेकिन नीतीश कुमार का प्रभाव सत्ता में बना रहेगा.
इसे भी पढ़ें: डाटा और कॉल सेंटर का हब बनेगा बिहटा, 450 लोगों को मिलेगा रोजगार
