सीनियर डीसीएम पर गवाह के साथ मारपीट करने, धमकी का आरोप
पटना :छेड़खानी के मामले में महिला रेलवे बुकिंग क्लर्क सीमा सिन्हा के पक्ष में गवाही देने महिला आयोग पहुंचे मंजय कुमार की पिटाई करने और धमकी देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है.
रेलकर्मी दानापुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम विनीत कुमार, रेलकर्मी चंदन कुमार समेत पांच अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में केस दर्ज कर हुआ है. पुलिस ने घटना के नौ दिन बाद सीमा सिन्हा के आवेदन पर कांड संख्या 408 /18, दर्ज किया गया. इसमें 341, 323, 385, 504, 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
महिला क्लर्क से छेड़खानी के मामले में रेलकर्मी मंजय कुमार 27 जून को महिला आयोग में गवाही देने आये थे. इस दौरान उसके साथ मारपीट की गयी थी.
आराेप था कि सीनियर डीसीएम विनीत कुमार और उनके लोगों ने मंजय को गवाही देने से रोका था और उसके साथ मारपीट करने के साथ धमकी भी दी थी. घटना के दौरान मंजय भाग कर महिला आयोग कार्यालय में पहुंचा था. मंजय कुमार बुकिंग क्लर्क सीमा सिन्हा के पक्ष में गवाही देने आयोग पहुंचा था. इस मामले में पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज नहीं किया था. अब नौ दिन बाद मामला दर्ज किया गया है.
बता दें कि सीमा सिन्हा ने 21 मार्च 2018 को सीनियर डीसीएम विनीत कुमार और चंदन कुमार पर छेड़खानी का मामला दर्ज कराया था. इस मामले में गांधी मैदान में कांड संख्या 34/18 दर्ज किया गया था.
