दानापुर के बलदेव इंटर स्कूल का मामला
एक प्राचार्य विभागीय आदेश का, तो दूसरे हाईकोर्ट का दे रहे हवाला
दानापुर : नगर के बलदेव इंटर स्कूल के प्राचार्य पद पर बुधवार को चार्ज लेने के लिए रस्साकशी मची रही. एक पद के लिए दो प्राचार्य चार्ज लेने का दावेदारी कर रहे थे. एक प्राचार्य विभागीय आदेश का हवाला दे रहे थे तो दूसरे हाईकोर्ट का हवाला देते हुए अपने को सही रूप में प्राचार्य बताते रहे.
एक प्राचार्य कक्ष में जमे रहे तो दूसरे शिक्षक कक्ष में जमे रहे. इसको लेकर स्कूल शिक्षक व शिक्षकेत्तर कर्मचारी परेशान रहे. बुधवार को बलदेव इंटर स्कूल में प्राचार्य के पद पर डाॅ कुमारी उषा सिंह व आजाद चंद्रशेखर प्रसाद चौरसिया पहुंच गये.
डाॅ कुमारी उषा सिंह सुबह स्कूल पहुंची और प्राचार्य कक्ष में जाकर बैठ गयीं. उसके बाद आजाद चंद्रशेखर प्रसाद चौरसिया पहुंच गये. दोनों प्राचार्य के पद को लेकर दावेदारी करने लगे.
स्कूल की पूर्व प्राचार्या पद पर रहीं डाॅ कुमारी उषा सिंह ने हाईकोर्ट के अधिवक्ता का पत्र दिखाते हुए बताया कि मेरा स्थानांतरण आदेश से संबंधित माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा पंत्रांक संख्या 1470 दिनांक 30 मई 18 को जारी किया गया था. इससे आहत होकर मैंने हाईकोर्ट में याचिका दायर की. हाईकोर्ट ने स्थानांतरण पर स्थगन का आदेश दिया. उक्त आदेश के आलोक में मैं प्राचार्य के पद पर योगदान किया है.
उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवेदन भेज दिया हूं. वहीं, श्री चौरसिया ने माध्यमिक शिक्षा विभाग के निदेशक द्वारा 30 जून को
जारी ज्ञापांक संख्या 1660 का हवाला देते हुए बताया कि उन्हें प्राचार्य पद पर विभाग द्वारा स्थानांतरण किया गया है. उन्होंने बताया कि मंगलवार को प्रभार संभाला लिया था. उसके बाद बुधवार को डॉ कुमारी उषा सिंह दावेदारी करते हुए प्राचार्य कक्ष में बैठ गयी हैं.
