पटना : रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रदेश के सभी 40 लोकसभा सीटों पर चुनाव की तैयारी करने का आह्वान किया है. उन्होंने कहा कि सीटों की चिंता नहीं करते हुए सभी सीटों पर तैयारी करनी है.
पार्टी को जो सीटें मिलेंगी, वहां चुनाव लड़ेंगे. शेष सीटों पर सहयोगी दलों की मदद की जायेगी. रविवार को पार्टी कार्यालय में जिलाध्यक्ष, प्रकोष्ठों के अध्यक्ष व विशेष प्रभारियों की बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि पार्टी जल्द ही राज्य के सभी जिलों में सम्मेलन आयोजित करेगी.
सम्मेलन को लेकर शीघ्र ही तिथि की घोषणा की जायेगी. बैठक में मंत्री ने कहा कि आज की तारीख में दलित, पिछड़ा वर्ग व अतिपिछड़ा वर्ग का सबसे अधिक रुझान रालोसपा की ओर है. हमें उनकी समस्याओं को ध्यान में रखकर काम करना चाहिए. बैठक में सांसद राम कुमार शर्मा, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश यादव, प्रधान महासचिव रामबिहारी सिंह, पूर्व मंत्री दशई चौधरी, प्रदेश प्रधान महासचिव सत्यानंद दांगी, प्रवक्ता कीर्तन प्रसाद सिंह सहित सभी जिलाध्यक्ष व विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष शामिल हुए. बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष भूदेव चौधरी ने की.
इससे पहले हवाई अड्डा पर पत्रकारों के सवाल के जवाब में उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि जीएसटी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक अच्छी पहल है. आने वाले दिनों में इसका और लाभ दिखेगा.एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि किताब के लिए केंद्र सरकार ने राज्य को पैसे दे दिये हैं. अब यह राज्य सरकार पर निर्भर है कि वह छात्रों के खाते में पैसा कब भेजती है.
