गैर एसटीईटी अभ्यर्थी हैं 3,117
अतिथि शिक्षक बहाली : अंतिम मेधा सूची जारी, 30 जून व 2 जुलाई को होगी काउंसेलिंग
पटना : जिले में स्थित उच्च माध्यमिक (प्लस टू) विद्यालयों में अतिथि शिक्षक पद पर बहाली के लिए छह विषयों की अंतिम मेधा सूची जारी कर दी गयी है.
इसमें बॉटनी, जूलॉजी, इंग्लिश, फिजिक्स, केमिस्ट्री व गणित विषय शामिल हैं. मेधा सूची जिला प्रशासन की वेबसाइट patna.bih.nic.in पर उपलब्ध है. जिला शिक्षा विभाग की ओर से जारी मेधा सूची में एसटीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की संख्या काफी कम 21 है जबकि गैर एसटीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की सूची में कुल 3,117 नाम शामिल हैं. विभाग की ओर से कहा गया था कि बहाली में स्नातकोत्तर एसटीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को वरीयता दी जायेगी. ऐसे उम्मीदवारों के कम आवेदन आये. अत: एसटीईटी उत्तीर्ण उम्मीदवारों की संख्या मेधा सूची में काफी कम रही.
यह है मेधा सूची में दर्ज अभ्यर्थियों की स्थिति : एसटीईटी उत्तीर्ण की सूची में केमिस्ट्री में चार, बॉटनी में तीन व जूलॉजी में 14 अभ्यर्थियों के नाम शामिल हैं. गैर एसटीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की सूची में गणित में 627, फिजिक्स में 379, केमिस्ट्री में 479, बॉटनी में 374, जूलॉजी में 533 व इंग्लिश में 725 नाम शामिल हैं.
काउंसेलिंग के लिए आमंत्रण
मेधा सूची जारी करने के बाद विभाग ने मेधा सूची में शामिल अभ्यर्थियों को काउंसेलिंग के लिए आमंत्रित किया है. काउंसेलिंग के लिए 30 जून व 2 जुलाई की तिथि तय की गयी है. अभ्यर्थियों को काउंसेलिंग के लिए शेखपुरा के शेरूल्लाहपुर स्थित केबी सहाय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुलाया गया है. विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अभ्यर्थियों को सुबह 10:30 से दोपहर 1:00 बजे के बीच विद्यालय में पहुंच कर अपना पंजीयन करा लेना है. दोपहर 2:00 बजे से काउंसेलिंग आरंभ होगी. पहले दिन 30 जून को केमिस्ट्री, फिजिक्स व गणित विषय की मेधा सूची में शामिल अभ्यर्थियों को काउंसेलिंग के लिए बुलाया गया है. दो जुलाई को बॉटनी, जूलॉजी व इंग्लिश विषय के अभ्यर्थियों की काउंसेलिंग होगी.
