मंच की योजना गरीबों को मुफ्त भोजन कराने व मसौढ़ी को हरा-भरा बनाने की, लोगों से मदद की अपील
मसौढ़ी : आज जहां कुछ लोग समाज सेवा का चोला ओढ़ कर लोगों के नजरों में धूल झोंकने में लगे हैं, वहीं कुछ ऐसे भी लोग हैं जो निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा में लगे हैं. नगर में ऐसी ही एक संस्था है आर्यभट्ट चेतना मंच.
समाज के लिए कुछ करने का जुनून इस संस्था का इस कदर बढ़ गया है कि इसके सदस्यों ने अपने को समाज सेवा के प्रति समर्पित कर दिया है. इस मंच से जुड़े सदस्य सामाजिक सरोकार से जुड़े हर आयोजन में निस्वार्थ भाव से लग जाते हैं . चाहे वह प्यासे लोगों को पानी मुहैया कराना हो या कोई धार्मिक कार्य . 75 सदस्यों का यह मंच सभी जगह उपलब्ध रहता है . इसके इन्हीं प्रयासों की वजह से नगरवासियों समेत ग्रामीण क्षेत्रों के लोग इनके कायल हो गये हैं .
इन दिनों मंच के सदस्यों द्वारा दो जरूरतमंदों जिन्हें अस्पताल में खून की आवश्यकता आ पड़ी सूचना मिलने के बाद बिना देर किये दोनों को आवश्यकता के अनुसार अपना खून दिया गया .मंच ने तो घोषणा की है कि खून के वजह से नगर व ग्रामीण क्षेत्रों के किसी भी लोगों की जान नहीं जाने देगा .ऐसे तो आर्यभट्ट चेतना मंच यहां अनेक क्षेत्रों में काम कर रहा है , लेकिन भविष्य की योजनाओं का खुलासा करते हुए मंच के संयोजक डॉ सुनील कुमार गावस्कर व अध्यक्ष डाॅ मंगल ने बताया कि नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में पेड़ लगाने की है ताकि मसौढ़ी हरा-भरा हो. वहीं प्रतिदिन भूखों को दो शाम की भोजन उपलब्ध कराने की भी है ताकि फुटपाथ पर रह रहे वे लोग जो भूखे सो जाते हैं उन्हें पेट भर कर भोजन मिले .
इसके लिए एक वाट्सएप ग्रुप बनाया गया है और लोगों से मदद की अपील की गयी है ताकि वे इन योजनाओं का संचालन सफलतापूर्वक कर सकें . आर्यभट्ट चेतना मंच की शुरुआत 28 दिसंबर, 2017 को छोटे से स्वरूप में हुई थी. 75 सदस्यों वाले इस मंच में चिकित्सक, शिक्षाविद्, व्यवसायी व अभियंता के अलावा मजदूर वर्ग के लोग भी जुड़े हैं, जो निस्वार्थ भाव से समाज सेवा में लगे हैं .
अपने स्थापना की शुरुआत में कड़ाके की पड़ रही ठंड के बीच मंच के सदस्यों ने नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में घूम- घूम कर जरूरतमंद करीब पांच सौ लोगों के दरवाजे पर पहुंच उन्हें कंबल मुहैया कराया था .इसके बाद नगर के गिरजा कुंवर विद्यालय व उग्रवाद प्रभावित भगवानगंज में दो स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया. इसमें 21 सौ मरीजों को मुक्त में हेपेटाइटिस बी व सी का टीका दिया गया था .
धार्मिक कार्यों में भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेते हैं सदस्य
बाल विवाह के खिलाफ बनायी गयी मानव शृंखला में खड़े लोगों के बीच आर्यभट्ट चेतना मंच के द्वारा कई वाहनों से मिनरल वाटर मुहैया कराया गया था. वहीं आपात स्थिति से निबटने के लिए चिकित्सकों की टीम भी लगायी गयी थी .
बाद के दिनों में नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में किसी भी सार्वजनिक आयोजनों में मंच अपनी ओर से लोगों को मिनरल वाटर उपलब्ध कराते आ रहा है . आर्यभट्ट चेतना मंच के सभी सदस्यों ने बीते माह संपन्न गायत्री परिवार द्वारा आयोजित चार दिवसीय कार्यक्रम में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया था.व सुरक्षा समेत अन्य कार्य निस्वार्थ भाव से किया.
