दो माह में ब्रेल लिपि प्रेस की होगी स्थापना, छपेगी पुस्तक
पटना सिटी : कुम्हरार स्थित बिहार नेत्रहीन परिषद की ओर से संचालित अंतर्ज्योति बालिका विद्यालय परिसर में मंगलवार को दो दिवसीय विद्यालय का रजत जयंती समारोह का उद्घाटन श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिंह ने किया.
उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति में कोई- न- कोई हुनर होता है. विद्यालय की बच्चियों में भी हुनर है. इन हुनरमंद बालिकाओं को कौशल विकास योजना से जोड़ने का काम सरकार की ओर से किया जायेगा ताकि उनके हुनर में निखार आये. मंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं व प्रदेश के विकास के लिए संकल्पित है. कार्यक्रम को विधान पार्षद डॉ संजय पासवान ने भी संबोधित करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिया. अतिथियों का स्वागत परिषद के उपाध्यक्ष प्रो आनंद मूर्ति ने किया. परिषद के सचिव रमेश प्रसाद सिंह ने विद्यालय की विकास यात्रा को रेखाकिंत करते हुए कहा कि विद्यालय की 23 छात्राएं दिल्ली विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर हैं.
सचिव ने कहा कि विद्यालय में दो माह के अंदर ब्रेल लिपि प्रेस की स्थापना हो जायेगी. प्रेस में पुस्तकों की छपाई की जायेगी. ये किताबें इन दृष्टिबाधित छात्राओं को उपलब्ध करायी जायेंगी. सभा को परिषद के कोषाध्यक्ष जसवंत सिंह, रवींद्र प्रसाद सिंह, गोपाल खेमका आदि ने संबोधित किया. कार्यक्रम का संचालन पूर्व छात्रा गुंजन कुमारी व धन्यवाद ज्ञापन महासचिव विजय कुमार सिंह ने किया. तीन चरणों में आयोजित कार्यक्रम में छात्रओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी. मौके पर मधु शर्मा, अनिता वर्मा, अरुण चौबे, राजेंद्र प्रसाद, नेहा गिरि, किरण कुमारी, पूजा कुमारी आदि मौजूद थे.
