Patna News: पटना के करीब संपतचक इलाके में मंगलवार की सुबह एक बेहद खौफनाक मंजर देखने को मिला. प्रखंड की चिपुरा पंचायत स्थित बरुणा लक्ष्मीचक बगीचे में अचानक 100 से अधिक कौवे मृत पाए गए.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आसमान से पक्षी एक-एक कर जमीन पर गिरने लगे और देखते ही देखते बगीचे में बेजान पक्षियों का ढेर लग गया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में ‘बर्ड फ्लू’ की आशंका को लेकर हड़कंप मच गया है.
सांस लेने के लिए तड़पते दिखे कौवे
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कौवों की मौत बहुत ही दर्दनाक तरीके से हो रही थी. जमीन पर गिरे हुए कई कौवे बुरी तरह तड़प रहे थे और उन्हें सांस लेने में भारी तकलीफ हो रही थी. बगीचे में खेल रहे बच्चों और स्थानीय ग्रामीणों ने जब यह नजारा देखा, तो तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दी.
लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी एक साथ इतने पक्षियों को इस तरह मरते नहीं देखा. घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड पशु चिकित्सा विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को अपनी निगरानी में ले लिया.
लैब रिपोर्ट का इंतजार
प्रखंड पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुरेन्द्र मिश्रा ने बताया कि यह मामला किसी गंभीर संक्रमण का लग रहा है. टीम ने मृत कौवों के विसरा और खून के नमूने एकत्र कर लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए पटना स्थित विशेष लैब में भेजा गया है.
जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा. हालांकि, ग्रामीण इलाकों में लोग इसे बर्ड फ्लू मानकर दहशत में हैं, क्योंकि इससे पहले मोकामा और पटना के अन्य हिस्सों में भी कौवों की ऐसी ही संदिग्ध मौत की खबरें आई थीं.
पक्षियों के शवों से रहें दूर
पशुपालन विभाग ने आम जनता के लिए तत्काल प्रभाव से ‘प्रोटोकॉल’ जारी कर दिया है. अधिकारियों ने अपील की है कि कोई भी व्यक्ति मृत कौवों या अन्य पक्षियों को न छुए और न ही उनके सीधे संपर्क में आए. यदि किसी के आंगन या घर के आसपास पक्षी मृत मिलता है, तो उसे खुद हटाने के बजाय तुरंत विभाग को सूचित करें.
विभाग यह भी जांच रहा है कि कहीं इन पक्षियों ने खेतों में डाला गया कोई जहरीला दाना तो नहीं खा लिया, जिससे यह सामूहिक मौत हुई है.
Also Read: अब सुधा बूथ पर मिलेगा बकरी का दूध, मंत्री बोले- गरीबों के लिए ATM की तरह है बकरी पालन
