Patna Metro: पटना में मेट्रो प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ रही है. उपमुख्यमंत्री और नगर विकास एवं आवास मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को पटना मेट्रो परियोजना की प्रगति की समीक्षा की. अधिकारियों ने बताया कि बैरिया बस टर्मिनल यानी I SBT पटना से मलाही पकड़ी तक मेट्रो सेवा शुरू करने की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है और इस महीने के अंत तक इसे चालू किया जा सकता है.
अधिकारियों ने बताया कि इस रूट पर मेट्रो का ट्रायल रन सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है.अब केवल औपचारिक मंजूरी और हरी झंडी मिलने का इंतजार है. जैसे ही आवश्यक स्वीकृति मिलती है, इस मार्ग पर मेट्रो का नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा. इससे राजधानी के पूर्वी हिस्से में रहने वाले हजारों लोगों को सीधा फायदा मिलेगा.
अभी ISBT से भूतनाथ तक चल रही सेवा
अभी पटना में मेट्रो का संचालन आइएसबीटी (ISBT) से भूतनाथ स्टेशन के बीच सीमित है. लेकिन अब इस विस्तार के बाद, पटना के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी काफी मजबूत हो जाएगी. समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जमीन हस्तांतरण से जुड़े जो भी पेच फंसे थे, उन्हें सुलझा लिया गया है.
समीक्षा बैठक में विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार और मेट्रो एमडी संदीप कुमार आर. पुडुकलकट्टी भी मौजूद रहे. उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि टनलिंग और फिनिशिंग का काम तय समय सीमा के भीतर ही पूरा किया जाए. पटना मेट्रो और डीएमआरसी के इंजीनियर दिन-रात एक कर अंतिम दौर की फिनिशिंग में जुटे हैं ताकि उद्घाटन के दिन यात्रियों को एक विश्वस्तरीय अनुभव मिल सके.
आधुनिक परिवहन की दिशा में बड़ा कदम
अधिकारियों ने संकेत दिया है कि मलाही पकड़ी तक परिचालन शुरू होना पटना मेट्रो के ‘कॉरिडोर-2’ की दिशा में एक बड़ी जीत है. इसके बाद अन्य खंडों पर भी काम तेज करने की योजना है.
पटना की जनता के लिए यह मार्च का महीना किसी बड़े तोहफे से कम नहीं होने वाला है, क्योंकि मेट्रो का यह विस्तार शहर की लाइफलाइन बनने की ओर एक और कदम है.
Also Read: बिहार में 45 हजार नए शिक्षकों की होगी बहाली, सीएम नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान
