Patna Metro: बिहार की राजधानी में होली के उल्लास के बीच अगर आप मेट्रो से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए एक बड़ी अपडेट सामने आई है. पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने होली के दिन यानी बुधवार को परिचालन समय में बड़ा बदलाव किया है.
कल सुबह 8 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक मेट्रो के पहिए पूरी तरह थमे रहेंगे. यह फैसला होली के त्योहार और कर्मचारियों को अवकाश देने के उद्देश्य से लिया गया है. ऐसे में जो यात्री सुबह के समय आवाजाही की योजना बना रहे थे, उन्हें अपनी टाइमिंग में बदलाव करना होगा.
दोपहर बाद मिलेगी राहत
होली के रंगों और मौज-मस्ती के बाद दोपहर 2:30 बजे से पटना मेट्रो की सेवाएं फिर से बहाल हो जाएंगी. बुधवार को दोपहर ढाई बजे से रात 8 बजे तक मेट्रो का परिचालन जारी रहेगा. वर्तमान में पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से भूतनाथ स्टेशन के बीच मेट्रो का संचालन हो रहा है.
आम दिनों में मेट्रो सुबह 8 से रात 8 बजे तक कुल 24 फेरे लगाती है, लेकिन होली के कारण कल फेरों की संख्या में कमी रहेगी. अच्छी खबर यह है कि गुरुवार से मेट्रो अपने पुराने और तय समय सारिणी के अनुसार ही चलेगी, जिससे यात्रियों को परेशानी नहीं होगी.
होली के बाद शुरू होगी 2.75 किमी लंबी नई लाइन
मेट्रो के सफर का इंतजार कर रहे पटनावासियों के लिए एक और बड़ी राहत की खबर है. होली का त्योहार खत्म होते ही कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) की टीम पटना पहुंचने वाली है. यह टीम नवनिर्मित ट्रैक और सुरक्षा मानकों की गहन जांच करेगी.
सीएमआरएस की हरी झंडी मिलते ही भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक के लगभग 2.75 किलोमीटर लंबे खंड पर मेट्रो का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा. इससे शहर के एक बड़े हिस्से को जाम से मुक्ति मिलेगी और कनेक्टिविटी और भी बेहतर हो जाएगी.
सुरक्षा और मानकों पर रहेगी नजर
भूतनाथ से मलाही पकड़ी के बीच सिविल स्ट्रक्चर और सिग्नलिंग का काम लगभग पूरा हो चुका है. अब केवल सीएमआरएस की सुरक्षा क्लीयरेंस का इंतजार है. इस जांच के दौरान स्टेशनों की सुदृढ़ता, अग्नि सुरक्षा और यात्री सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया जाएगा.
यह पटना मेट्रो के पहले कॉरिडोर के विस्तार की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा. यानी होली के बाद न केवल गर्मी बढ़ेगी, बल्कि पटना मेट्रो की रफ्तार भी बढ़ने वाली है.
Also Read: 4 सड़क परियोजनाओं से बदलेगी बिहार की तस्वीर, जल्द फर्राटा भरेंगी गाड़ियां
