साहिबगंज से पटना और सुल्तानगंज जाना हुआ आसान, रेलवे ने शुरू की नई स्पेशल ट्रेन, जानें टाइमिंग

Danapur Sahibganj Special Train: श्रावणी मेले में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले भक्तों की सुविधा के लिए रेलवे ने दानापुर और साहिबगंज के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. इसके साथ ही हावड़ा-नटेसर स्पेशल ट्रेन को बरबीघा स्टेशन पर भी दो मिनट का ठहराव दिया गया है.

Danapur Sahibganj Special Train: श्रावणी मेले में सुल्तानगंज और बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने एक बड़ा फैसला लिया है. रेलवे ने दानापुर और साहिबगंज के बीच एक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि दानापुर-साहिबगंज श्रावणी मेला स्पेशल (ट्रेन नंबर 03236/03235) का परिचालन 2 अगस्त से 30 अगस्त तक किया जाएगा. यह स्पेशल ट्रेन इस अवधि में हर रविवार को चलेगी और कुल 5 ट्रिप लगाएगी ताकि यात्रियों को सीट मिलने में कोई परेशानी न हो.

दानापुर-साहिबगंज स्पेशल ट्रेन का टाइम टेबल

यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में नियमित चलने वाली दानापुर-साहिबगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस (13236/13235) के समय और ठहराव के अनुसार ही चलेगी. दानापुर से यह ट्रेन सुबह 5:15 बजे खुलेगी और सुबह 10:45 बजे सुल्तानगंज पहुंचते हुए दोपहर 1:45 बजे साहिबगंज पहुंच जाएगी.

वापसी में यह ट्रेन साहिबगंज से दोपहर 3:20 बजे चलेगी और रात 12:30 बजे दानापुर पहुंचेगी. सफर के दौरान यह ट्रेन पीरपैंती, भागलपुर, सुल्तानगंज, किऊल, मोकामा, बख्तियारपुर, फतुहा, पटना साहिब और पटना जंक्शन पर रुकेगी.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

हावड़ा-नटेसर स्पेशल ट्रेन का अब बरबीघा स्टेशन पर भी होगा स्टॉपेज

रेलवे ने बरबीघा क्षेत्र के श्रद्धालुओं को भी एक बड़ी सौगात दी है. हावड़ा-नटेसर-हावड़ा श्रावणी मेला स्पेशल (ट्रेन नंबर 03001/03002) को बरबीघा स्टेशन पर दो मिनट का स्टॉपेज दिया गया है.

अब हावड़ा से नटेसर जाने वाली ट्रेन सुबह 9:08 बजे बरबीघा पहुंचेगी और दो मिनट रुककर 9:10 बजे आगे के लिए रवाना होगी. वापसी में नटेसर से हावड़ा जाने वाली ट्रेन दोपहर 3:10 बजे बरबीघा स्टेशन पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद दोपहर 3:12 बजे आगे निकलेगी.

इसे भी पढ़ें: एयरपोर्ट, AI सेंटर, पुलिस दीदी... बिहार कैबिनेट के 25 बड़े फैसले जानिए


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >